Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 10 नवंबर 2025 को नई दिल्ली में देश के 16 रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों (DPSUs) की वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा करेंगे। उन्होंने वर्ष 2025 को सुधार वर्ष घोषित करते हुए डीपीएसयू को नई तकनीक विकसित करने, निर्यात बढ़ाने और स्वदेशी रक्षा उत्पादन को गति देने का निर्देश दिया था। इस दिशा में सभी डीपीएसयू ने अगले पांच वर्षों के लिए अपना अनुसंधान एवं विकास (R&D) रोडमैप तैयार किया है, जिसका उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है।
R&D निवेश में तेजी
पिछले दस वर्षों में 16 डीपीएसयू ने कुल 30,952 करोड़ रुपये R&D में निवेश किए हैं। अब इस निवेश को दोगुना करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके तहत अगले पांच वर्षों में 32,766 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। आयुध निर्माण बोर्ड से बने सात नए डीपीएसयू 3,000 करोड़ रुपये से अधिक और रक्षा शिपयार्ड 1,300 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। रक्षा मंत्री कार्यक्रम के दौरान ‘स्वयम्’ रिपोर्ट भी जारी करेंगे, जिसमें डीपीएसयू की ऊर्जा दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा पहलों का विस्तृत ब्योरा शामिल होगा।
यह भी देखेंःNepal airport: दिल्ली के बाद अब नेपाल एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स रोकी गईं, रनवे लाइटिंग सिस्टम में आई तकनीकी खराबी
डीपीएसयू का शानदार प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2024-25 में डीपीएसयू ने 1.08 लाख करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो पिछले वर्ष से 15.4% अधिक है। टैक्स के बाद लाभ (PAT) 20,021 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि निर्यात में 51% की उल्लेखनीय वृद्धि हुई। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उपक्रमों को सम्मानित किया जाएगा और रक्षा उत्पादन से जुड़ी कई नई परियोजनाओं व एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।