Delhi Traffic Advisory : 15 अगस्त 2026 को देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और दिल्ली के लाल किला में मुख्य समारोह आयोजित होगा। प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और ट्रैफिक के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेने की अपील की है। सुबह 4 बजे से कई इलाकों में ट्रैफिक नियम लागू हो जाएंगे।
सुबह 10 बजे तक बंद रहेंगी कई सड़कें
लाल किले के आसपास कई प्रमुख सड़कों पर सुबह करीब 10 बजे तक आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इनमें नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निशांत राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और उससे जुड़े लिंक रोड शामिल हैं। इसके अलावा राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड के हिस्से पर भी ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। ऐसे में इस क्षेत्र में जाने वाले लोगों को पहले से वैकल्पिक मार्ग चुनने की सलाह दी गई है।
आज रात से लागू होंगे कई प्रतिबंध
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 14 अगस्त रात 11 बजे से 15 अगस्त सुबह तक कई प्रतिबंध लागू हो जाएंगे। निजामुद्दीन पुल और वजीराबाद पुल के बीच मालवाहक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। वहीं 15 अगस्त सुबह 4 बजे से 11 बजे तक कश्मीरी गेट, सराय काले खां और अन्य अंतरराज्यीय बस अड्डों के बीच बस सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी। लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट की ओर जाने वाली कई बसों को भी डायवर्ट किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : सिर्फ Aadhar Card से मिलेगा ₹90,000 लोन? सरकार की इस योजना ने लाखों लोगों की बदली जिंदगी
इन रास्तों से जा सकेंगे लोग
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए वैकल्पिक रूट भी बताए हैं। उत्तर-दक्षिण दिशा में यात्रा करने वालों को मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, रानी झांसी मार्ग और डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं पूर्व-पश्चिम दिशा में आने-जाने वाले लोग एनएच-24, विकास मार्ग, युनूस मार्ग, पुश्ता रोड, जीटी रोड और एनएच-09 से होकर सफर कर सकते हैं।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के लिए खास व्यवस्था
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को एसपी मुखर्जी मार्ग से बचने की सलाह दी गई है। उनके लिए हनुमान मंदिर, जीपीओ और मोतिया खान मार्ग जैसे वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट और पहाड़गंज दोनों तरफ से सामान्य आवाजाही जारी रहेगी। वहीं आईएसबीटी कश्मीरी गेट और एलएनजेपी अस्पताल जाने वालों को पुलिस द्वारा तय डायवर्जन रूट का पालन करना होगा।
मेट्रो चलेगी, लेकिन समय लेकर निकलें
दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी, हालांकि सुरक्षा कारणों से कुछ स्टेशनों के गेट बंद या नियंत्रित किए जा सकते हैं। लाल किले के आसपास ड्रोन, पैराग्लाइडर और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों की ओर जाने वाले लोगों से अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की है। किसी भी सहायता के लिए लोग 011-25844444 या 1095 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।