
Delhi AQI crosses: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शहर की हवा में धुंध और धुआं छाने लगा है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी है। गुरुवार को दिल्ली का औसत AQI 241 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के मुताबिक, हवा की दिशा और तापमान में गिरावट के चलते प्रदूषण का असर और बढ़ सकता है।
यहां सबसे ज्यादा प्रदूषण का स्तर
दिल्ली के आनंद विहार में प्रदूषण सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया, जहां शुक्रवार दोपहर AQI 353 तक पहुंच गया। वजीरपुर में हवा का स्तर 336, जहांगीरपुरी में 330, और मथुरा रोड पर 300 के पार दर्ज हुआ। वहीं बवाना में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच चुकी है।
दिल्ली वालों के लिए चेतावनी
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दिल्ली-NCR के लोग सुबह और शाम के समय खुली हवा में कम निकलें। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। अगर प्रदूषण इसी तरह बढ़ता रहा, तो आने वाले दिनों में दिल्ली की हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच सकती है, जिससे जनस्वास्थ्य पर बड़ा खतरा मंडरा सकता है।