
New cabinet formed in Gujarat: गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को अपनी नई कैबिनेट का विस्तार करते हुए 26 मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस नए मंत्रिमंडल में हर्ष संघवी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है, जबकि भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को पहली बार राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया गया है। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह फेरबदल बीजेपी के लिए रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है क्योंकि पार्टी राज्य में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी है।
पुराने चेहरों की वापसी
नई कैबिनेट में पुराने चेहरों में ऋषिकेश पटेल, कनुभाई देसाई, कुंवरजी बावलिया, प्रफुल पानसेरिया, पुरुषोत्तम सोलंकी और हर्ष संघवी को फिर से जगह मिली है। वहीं, अर्जुन मोढवाडिया, जो पहले कांग्रेस में थे, अब भाजपा में शामिल होकर कैबिनेट मंत्री बने हैं। कुल मिलाकर नौ पुराने मंत्रियों को हटाया गया है और 19 नए चेहरों को टीम में जोड़ा गया है। सूरत के विधायक हर्ष संघवी अब गृह विभाग के साथ उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
यह भी देखेंःIRCTC website: IRCTC वेबसाइट और ऐप ठप, दिवाली से पहले लाखों यात्री परेशान, नहीं हो रही टिकट बुकिंग
बीजेपी का ‘मिशन 2027’ फॉर्मूला
इस फेरबदल को भाजपा के मिशन 2027 से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने इस बदलाव से नए जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश की है। पाटीदार समाज से आने वाली रिवाबा जडेजा को शामिल करना भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, ताकि आम आदमी पार्टी की बढ़ती पैठ को संतुलित किया जा सके। नई टीम में युवा, महिला और अनुभवी नेताओं का मिश्रण कर बीजेपी ने आने वाले चुनावों के लिए मजबूत संदेश देने की कोशिश की है।