
Delhi BMW accident: दिल्ली में हुए BMW हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने कार की महिला चालक गगनप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को धौला कुआं फ्लाईओवर पर हुई इस टक्कर में वित्त मंत्रालय के डिप्टी डायरेक्टर नवजोत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी थी और अब एफआईआर दर्ज करने के साथ आरोपी महिला से सख्त पूछताछ की जा रही है।
पास के अस्पताल छोड़ दूर क्यों गई आरोपी?
एफआईआर में चौंकाने वाले विवरण सामने आए हैं। हादसे के बाद नवजोत सिंह और उनकी पत्नी को जब अस्पताल ले जाया जा रहा था, उस समय उनकी पत्नी ने कई बार आग्रह किया कि पास के बड़े अस्पताल—एम्स या सफदरजंग—में ले जाया जाए। लेकिन गगनप्रीत ने उनकी एक न सुनी और उन्हें उत्तर दिल्ली स्थित जीटीबी नगर के एक छोटे अस्पताल ले गई। आरोप है कि वहां नवजोत की पत्नी को स्ट्रेचर पर काफी देर तक बाहर ही लिटाए रखा गया और समय पर इलाज नहीं मिला। परिवार का कहना है कि इसी देरी और लापरवाही से नवजोत की जान नहीं बच पाई।
आरोपी से हो रही गहन पूछताछ
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में वैन चालक गुलफाम का बयान भी दर्ज किया है, जिसकी गाड़ी से नवजोत और उनकी पत्नी को अस्पताल ले जाया गया था। साउथ वेस्ट जिले के डीसीपी अमित गोयल के अनुसार, गगनप्रीत कौर से पूछताछ जारी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर उसने पास के बड़े अस्पतालों को नजरअंदाज कर 20 किलोमीटर दूर छोटे अस्पताल का रुख क्यों किया। गिरफ्तारी के बाद अब इस पूरे प्रकरण की गहन जांच हो रही है, ताकि हादसे के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।