CM Rekha Warned To Coaching Centers: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के सभी कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक महीने की समय-सीमा दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों के पास फायर ऑडिट, अग्निशमन उपकरण और भवन सुरक्षा से जुड़े अनिवार्य इंतजाम नहीं होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया जाएगा।
सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों पर यह नियम समान रूप से लागू होगा। उन्होंने कहा कि संस्थानों की संख्या महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार किसी भी स्तर पर सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं करेगी।
छात्रों से मांगी शिकायतें
रेखा गुप्ता ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी कोचिंग संस्थान में सुरक्षा संबंधी खामियां हैं तो इसकी जानकारी सरकार को ईमेल, फोन या संदेश के माध्यम से दें। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट की समिति की सिफारिशों के आधार पर कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नया कानून भी लाया जाएगा।
यह भी देखेंःBJP Wins in UP: यूपी में बीजेपी जीती तो चुनाव नहीं होंगे, अखिलेश यादव का बड़ा दावा
923 कोचिंग संस्थानों का होगा निरीक्षण
दिल्ली सरकार पहले ही राजधानी के 923 कोचिंग संस्थानों के व्यापक निरीक्षण का फैसला कर चुकी है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में फायर सेफ्टी, भवन मानकों और अन्य नियामकीय प्रावधानों के पालन की जांच के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ हादसे के बाद बढ़ी सख्ती
हाल ही में लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी के तहत राजधानी में कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।