दिल्ली में महिलाओं के लिए डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। साल 2019 से चल रही पिंक टिकट योजना अब धीरे-धीरे खत्म की जाएगी। सरकार का मानना है कि कागजी टिकट सिस्टम में पारदर्शिता की कमी रहती है और इसके दुरुपयोग की भी आशंका बनी रहती है। इसी वजह से अब डिजिटल और स्मार्ट कार्ड आधारित सिस्टम लागू करने की तैयारी है। नई व्यवस्था के तहत बस में चढ़ते समय महिलाओं को कंडक्टर की इलेक्ट्रॉनिक मशीन पर अपना कार्ड टैप करना होगा। बिना कार्ड टैप किए मुफ्त यात्रा संभव नहीं होगी।
पिंक सहेली कार्ड क्यों जरूरी
नई व्यवस्था में महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा। इस कार्ड के बिना डीटीसी और क्लस्टर बसों में फ्री सफर नहीं मिलेगा। कार्ड बनवाने के लिए दिल्ली का एड्रेस वाला आधार कार्ड जरूरी होगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजना का लाभ सिर्फ दिल्ली की महिलाओं को ही मिले। 12 साल या उससे अधिक उम्र की लड़कियां और महिलाएं इस कार्ड के लिए पात्र होंगी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, हर महीने करीब 2 करोड़ महिलाएं डीटीसी बसों में मुफ्त सफर करती हैं। स्मार्ट कार्ड से सरकार को यह भी पता चल सकेगा कि योजना का लाभ वास्तव में कितनी महिलाओं तक पहुंच रहा है।
ये भी पढ़ें : DGCA के दबाव में IndiGo का बड़ा फैसला, 10 फीसदी फ्लाइट कटौती, जानिए किन एयरपोर्ट्स पर सबसे ज्यादा असर पड़ा
तीन तरह के स्मार्ट कार्ड लागू
दिल्ली सरकार सिर्फ महिलाओं के लिए ही नहीं, बल्कि सभी यात्रियों के लिए स्मार्ट कार्ड सिस्टम लाने की तैयारी में है। कुल तीन तरह के कार्ड होंगे। पहला पिंक सहेली कार्ड, जो सिर्फ महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा हेतु होगा। दूसरा स्पेशल स्मार्ट कार्ड, जो वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, खिलाड़ियों, शहीद सैनिकों की विधवाओं और अन्य पास धारकों के लिए होगा। तीसरा जनरल स्मार्ट कार्ड, जिसे कोई भी यात्री मेट्रो कार्ड की तरह रिचार्ज कर इस्तेमाल कर सकेगा। इससे बस यात्रा पूरी तरह डिजिटल और आसान बनाने की योजना है।
कहां और कब मिलेगा कार्ड
पिंक सहेली कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को सरल रखा जाएगा। इसके लिए दिल्ली भर में डीएम और एसडीएम कार्यालयों, बस डिपो और कॉमन सर्विस सेंटर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर खोले जाएंगे। कार्ड जारी करने और काउंटर संचालन की जिम्मेदारी कुछ चुनिंदा निजी बैंकों को सौंपी जाएगी। सरकारी सूत्रों के अनुसार, सभी तैयारियां पूरी होने के बाद 14 जनवरी के बाद किसी भी समय यह नई स्मार्ट कार्ड व्यवस्था लागू की जा सकती है। इसके बाद पिंक टिकट पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे और मुफ्त बस यात्रा के लिए पिंक सहेली कार्ड अनिवार्य हो जाएगा।