देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने अपने घरेलू उड़ान संचालन में बड़ा बदलाव किया है। सरकार और DGCA के निर्देशों के बाद एयरलाइन ने करीब 10 प्रतिशत फ्लाइट्स कम कर दी हैं। इस फैसले के चलते 94 रूट्स पर रोजाना लगभग 130 उड़ानें घटाई गई हैं। दरअसल, हाल के दिनों में लगातार ऑपरेशनल दिक्कतों के कारण बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुई थीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए एविएशन अधिकारियों को दखल देना पड़ा और इसके बाद IndiGo ने अपने नेटवर्क को संतुलित करने के लिए यह कदम उठाया।
बड़े और कमाई वाले रूट सुरक्षित
हालांकि फ्लाइट्स में कटौती की गई है, लेकिन IndiGo ने अपने सबसे व्यस्त और सबसे ज्यादा कमाई वाले रूट्स को पूरी तरह सुरक्षित रखा है। दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-बेंगलुरु और मुंबई-बेंगलुरु जैसे प्रमुख सेक्टर्स पर उड़ानों की संख्या में कोई कमी नहीं की गई। एविएशन डेटा एजेंसी के अनुसार, ये रूट अब भी पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहे हैं। अकेले दिल्ली-मुंबई रूट पर रोजाना करीब 20 उड़ानें जारी हैं। इससे साफ है कि एयरलाइन ने रणनीति के तहत मुनाफे और यात्रियों की ज्यादा आवाजाही वाले रूट्स को किसी भी तरह प्रभावित नहीं होने दिया।
ये भी पढ़ें : UP में कड़ाके की ठंड का कहर, स्कूलों का समय बदला, कई जिलों में छुट्टी और कोहरे का अलर्ट
बेंगलुरु पर सबसे ज्यादा असर
कटौती का सबसे ज्यादा असर बेंगलुरु एयरपोर्ट पर देखने को मिला है। एक ही दिन में यहां IndiGo ने 52 उड़ानें कम कीं, जिनमें 26 डिपार्चर और 26 अराइवल शामिल हैं। यह देश के किसी भी एयरपोर्ट पर एक दिन में की गई सबसे बड़ी कटौती मानी जा रही है। बेंगलुरु के बाद हैदराबाद में 34 और चेन्नई में 32 उड़ानें घटाई गईं। इसके अलावा कोलकाता और अहमदाबाद में भी 22-22 फ्लाइट्स कम की गईं। इन आंकड़ों से साफ है कि कटौती का बोझ बड़े लेकिन अपेक्षाकृत कम मुनाफे वाले हब्स पर डाला गया।
दिल्ली-मुंबई रहे लगभग अछूते
दिलचस्प बात यह रही कि IndiGo के दो सबसे बड़े हब दिल्ली और मुंबई इस फैसले से लगभग बचे रहे। दिल्ली में एक भी उड़ान कम नहीं की गई, जबकि मुंबई में सिर्फ दो फ्लाइट्स हटाई गईं। कटौती का बड़ा हिस्सा छोटी दूरी वाले रूट्स पर भी देखा गया। चेन्नई-मदुरै और मदुरै-चेन्नई रूट पर सबसे ज्यादा पांच-पांच फ्लाइट्स कम की गईं। वहीं 72 रूट्स पर केवल एक-एक फ्लाइट घटाई गई। इसके साथ ही चार रूट्स पर IndiGo ने अपनी सेवा पूरी तरह बंद कर दी, जिनमें गोवा-सूरत और चेन्नई-दुर्गापुर जैसे सेक्टर शामिल हैं। इस फेरबदल से साफ है कि एयरलाइन ने संतुलन बनाकर ऑपरेशन को संभालने की कोशिश की है।