Delhi Electricity Bill : दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अगले बिलिंग साइकल से खर्च बढ़ सकता है। दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग यानी DERC ने बिजली खरीद की बढ़ी लागत और गर्मियों में रिकॉर्ड मांग को देखते हुए तीनों प्रमुख बिजली वितरण कंपनियों को अतिरिक्त Fuel and Power Purchase Adjustment Surcharge यानी FPPAS लगाने की मंजूरी दी है। यह अतिरिक्त सरचार्ज पहले से लागू 10 फीसदी की सीमा के ऊपर होगा।
तीनों डिस्कॉम पर अलग असर
BRPL, BYPL और TPDDL ने गर्मियों में बढ़ी बिजली मांग के कारण महंगी दरों पर बिजली खरीदने का हवाला देते हुए अतिरिक्त सरचार्ज की मांग की थी। कंपनियों ने जून के लिए अलग-अलग FPPAS का दावा किया था। अब मंजूरी के बाद तीनों कंपनियों के उपभोक्ताओं पर कुल सरचार्ज की दर अलग-अलग रहेगी। इससे बिजली इस्तेमाल करने वाले घरेलू और अन्य उपभोक्ताओं के बिल पर अतिरिक्त भार पड़ सकता है।
BRPL का सरचार्ज 17.94 फीसदी
BSES राजधानी पावर लिमिटेड यानी BRPL के उपभोक्ताओं के लिए कुल FPPAS बढ़कर 17.94 फीसदी हो जाएगा। कंपनी ने जून के लिए 31.64 फीसदी FPPAS का दावा किया था। नियामक की मंजूरी के बाद मौजूदा व्यवस्था के मुकाबले अतिरिक्त सरचार्ज अगले बिलिंग साइकल में दिखाई दे सकता है।
ये भी पढ़ें : Delhi-Dehradun Expressway पर तेज रफ्तार का खेल बंद, ANPR कैमरों से अब सीधे कटेगा ऑनलाइन चालान
BYPL और TPDDL में भी बढ़ोतरी
BSES यमुना पावर लिमिटेड यानी BYPL के उपभोक्ताओं के लिए कुल सरचार्ज 17.43 फीसदी और टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड यानी TPDDL के उपभोक्ताओं के लिए 18.50 फीसदी हो जाएगा। कंपनियों का कहना था कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली की मांग काफी बढ़ने से उन्हें बाहरी स्रोतों से महंगी बिजली खरीदनी पड़ी। इसी अतिरिक्त लागत की भरपाई के लिए सरचार्ज में बढ़ोतरी की मांग की गई थी।
200 यूनिट तक वालों को राहत
दिल्ली सरकार की बिजली सब्सिडी योजना का लाभ लेने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को इस बढ़ोतरी का सीधा असर नहीं पड़ेगा। खासकर 200 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले और सब्सिडी का विकल्प चुन चुके पात्र उपभोक्ताओं का बिल पहले की तरह शून्य रह सकता है। हालांकि सब्सिडी के दायरे से बाहर आने वाले उपभोक्ताओं के लिए अतिरिक्त FPPAS का असर अगले बिजली बिल में दिखाई दे सकता है।