Delhi Lakshmi Yojana : दिल्ली सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से दिल्ली लक्ष्मी योजना का ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1 अगस्त को इस पोर्टल का शुभारंभ किया। विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे के तहत शुरू की गई इस योजना के लिए सरकार ने 5100 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। योजना का लाभ दिल्ली की करीब 17 लाख पात्र महिलाओं को मिलने का लक्ष्य रखा गया है।
₹2500 पाने के दो विकल्प
योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए सरकार ने दो विकल्प दिए हैं। पहले विकल्प में हर महीने ₹1500 लाभार्थी के नाम पर RD या FD में जमा किए जाएंगे, जबकि ₹1000 सीधे डिजिटल वॉलेट में भेजे जाएंगे। दूसरे विकल्प में महिला चाहें तो पूरे ₹2500 हर महीने RD या FD में जमा करा सकती हैं। तीन साल पूरे होने पर ब्याज सहित पूरी राशि एक साथ दी जाएगी।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन के लिए सबसे पहले dly.delhi.gov.in पोर्टल पर जाएं। इसके बाद Apply/Registration विकल्प पर क्लिक करें। पात्रता से जुड़े सवालों का जवाब देने के बाद आधार कार्ड और परिवार की जानकारी भरें। फिर बैंक खाते का विवरण दर्ज करें, जिसमें DBT के जरिए राशि भेजी जाएगी। इसके बाद सभी जरूरी दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड कर आवेदन सबमिट करें।
ये भी पढ़ें : Petrol, Diesel और ATF पर सरकार ने बढ़ाया विंडफॉल टैक्स, जानिए क्या है वजह और आम लोगों पर कितना पड़ेगा असर
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
आवेदन के दौरान दिल्ली में 10 साल का स्थानीय निवासी होने का प्रमाण देना होगा। इसके लिए सांसद या विधायक की अनुशंसा के साथ निवास प्रमाण पत्र की प्रति भी अपलोड करनी होगी। आवेदन पूरा होने के बाद उसकी Acknowledgement Receipt डाउनलोड कर सुरक्षित रखना जरूरी है, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।
घर बैठे ऐसे चेक करें आवेदन का स्टेटस
आवेदन जमा करने के बाद लाभार्थी उसी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं। इसके लिए Track Application या Application Status विकल्प पर क्लिक करें। फिर आवेदन संख्या और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP से सत्यापन करें। इसके बाद स्क्रीन पर आवेदन स्वीकृत, लंबित या अस्वीकृत होने की पूरी जानकारी दिखाई देगी।