Delhi Lakshmi Yojana : दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना को महिलाओं का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। योजना शुरू होने के महज 7 दिनों के भीतर 5 लाख से ज्यादा महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 8 अगस्त तक 5,14,460 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि 2,18,728 आवेदन जमा हो चुके हैं। अब आवेदनों की जांच चल रही है और पात्र महिलाओं को पहली किस्त रक्षाबंधन यानी 28 अगस्त के आसपास मिलने की संभावना जताई जा रही है।
हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये
दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की मदद दी जाएगी। इसके लिए दिल्ली सरकार ने 2026-27 के बजट में 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। महिलाओं को पैसे लेने के लिए दो विकल्प दिए गए हैं। पहले विकल्प में 1,000 रुपये CBDC वॉलेट में और 1,500 रुपये RD या FD में जमा होंगे। दूसरे विकल्प में पूरी 2,500 रुपये की रकम RD या FD में जमा की जाएगी।
कौन उठा सकता है योजना का लाभ
योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए। वह परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य होनी चाहिए और परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। महिला, उसके पति या माता-पिता में से किसी एक का कम से कम 10 साल से दिल्ली में रहना जरूरी है। इसके साथ ही महिला का दिल्ली का वोटर होना भी अनिवार्य है।
ये भी पढ़ें : छात्र आंदोलन पर संसद में बढ़ा सियासी दबाव, सरकार चर्चा को तैयार, गृह मंत्री देंगे जवाब
किन लोगों को नहीं मिलेगा फायदा
सरकार ने कुछ शर्तें भी तय की हैं। जिन परिवारों की सालाना बिजली खपत तय सीमा से ज्यादा है या जो पहले से किसी सरकारी पेंशन या आर्थिक सहायता का लाभ ले रहे हैं, उन्हें योजना का फायदा नहीं मिलेगा। इनकम टैक्स भरने वाली महिलाएं, सरकारी कर्मचारी, सार्वजनिक पद पर मौजूद लोग और चार पहिया वाहन रखने वाले परिवार भी इस योजना के दायरे से बाहर रहेंगे। तीन से ज्यादा बच्चों वाले परिवारों और आपराधिक मामलों से जुड़े आवेदकों को भी लाभ नहीं मिलेगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन के समय आधार कार्ड, दिल्ली वोटर आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो और सांसद या विधायक का एंडोर्समेंट लेटर देना होगा। इसके अलावा 10 साल से दिल्ली में रहने का प्रमाण भी देना होगा। उम्र के प्रमाण के लिए जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की मार्कशीट, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी का इस्तेमाल किया जा सकता है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
महिलाएं दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकती हैं। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद आधार और अन्य जरूरी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद परिवार की जानकारी, बैंक खाते की डिटेल, दस्तावेज और एंडोर्समेंट लेटर अपलोड करना होगा। आवेदन जमा करने के बाद रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रखें। आवेदन की स्थिति देखने के लिए पोर्टल के Track Application विकल्प में जाकर मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी दर्ज करनी होगी। वहां आवेदन का ताजा स्टेटस देखा जा सकता है।