Laxmi Yojana Receives Response: दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना को शुरुआत के महज सात दिनों में ही जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। 1 अगस्त से शुरू हुए योजना के पोर्टल पर शनिवार दोपहर तक 5,14,460 महिलाओं का पंजीकरण हो चुका था। इनमें 4,36,316 लाभार्थियों ने अपना जिला या विधानसभा क्षेत्र दर्ज कर दिया है, जबकि 78,144 महिलाओं ने अभी यह जानकारी दर्ज नहीं की है। कुल पंजीकरण में से 2,18,728 आवेदन अंतिम रूप से जमा भी किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे योजना के प्रति महिलाओं के भरोसे और सरकार की पहल को मिले व्यापक समर्थन का संकेत बताया है।
उत्तर-पूर्वी जिले में सबसे ज्यादा पंजीकरण
दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत जिलावार आंकड़ों में उत्तर-पूर्वी जिला सबसे आगे है। यहां 73,676 महिलाओं ने अपना जिला दर्ज किया है और इनमें से 38,579 आवेदन अंतिम रूप से जमा हो चुके हैं। उत्तर-पश्चिमी जिले में 55,700 और पश्चिमी जिले में 44,358 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं। दक्षिण-पश्चिमी जिले में 44,149 तथा बाहरी उत्तर जिले में 39,401 पंजीकरण हुए हैं। इसके मुकाबले नई दिल्ली जिले में 5,573 पंजीकरण हुए, जो सभी जिलों में सबसे कम हैं।
हर पात्र महिला को मिलेंगे 2,500 रुपये
योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। सरकार ने राशि के इस्तेमाल के लिए दो विकल्प रखे हैं। पहले विकल्प में 1,000 रुपये सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी यानी सीबीडीसी वॉलेट के जरिए रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दिए जाएंगे, जबकि 1,500 रुपये आरडी या एफडी में जमा किए जाएंगे। दूसरे विकल्प में पूरी 2,500 रुपये की राशि आरडी या एफडी में जमा करने का विकल्प होगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को तत्काल आर्थिक मदद के साथ बचत के लिए भी प्रोत्साहित करना है।
यह भी देखेंःपरिसीमन पर बैठक से 37 सांसदों ने बनाई दूरी, तमिलनाडु की राजनीति में बढ़ी हलचल
रक्षाबंधन पर मिल सकती है पहली किस्त
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि सरकार योजना की पहली किस्त रक्षाबंधन के अवसर पर पात्र महिलाओं के खातों में भेजने की तैयारी कर रही है। हालांकि, पहली किस्त उन्हीं महिलाओं को मिलने की उम्मीद है जिनका आवेदन योजना की पात्रता शर्तों के अनुरूप होगा और प्रक्रिया पूरी हो चुकी होगी। सरकार का कहना है कि योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को बचत, डिजिटल वित्तीय सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना भी इसका उद्देश्य है।
ऐसे कर सकते हैं योजना में आवेदन
दिल्ली सरकार ने पात्र महिलाओं से योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की है। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सरकार के मुताबिक, योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए आवेदन और सत्यापन प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिन महिलाओं ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे योजना के आधिकारिक पोर्टल www.dly.delhi.gov.in के जरिए आवेदन कर सकती हैं।