Delhi Live Sucide:दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक युवक ने फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या कर ली, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी. मृतक की पहचान विकास नामक युवक के रूप में हुई है. लाइव वीडियो में विकास ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसे और उनके चार साल के बेटे को कर्ज की वजह से छोड़कर एक अन्य व्यक्ति शकीब के साथ रहने लगी थी. उसने बताया कि पत्नी के इस व्यवहार से वह गहरे तनाव में आ गया था और अब जबकि उसका सारा कर्ज खत्म हो चुका है, वह फिर भी जीने की इच्छा नहीं रखता. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पत्नी ने छोड़ा, बेटा मां को याद कर रोता रहा
लाइव वीडियो में विकास ने कहा कि वह छोटा-मोटा काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था. इसी बीच उसे कर्ज हो गया, जिसके बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई. कुछ समय मायके में रहने के बाद पत्नी का अफेयर शकीब नामक युवक से हो गया और वह उसी के साथ रहने लगी. विकास ने यह भी बताया कि उसने पत्नी को कई बार समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी. उसका बेटा अक्सर मां को याद करके रोता था, जिसे देखकर वह टूट चुका था.
यह भी पढ़ेंःNoida clean campaign: स्वच्छता में अव्वल बना नोएडा: 327वें से गोल्डन सिटी तक का प्रेरणादायक सफर
बेटे को माता-पिता को सौंपे जाने की अपील
अपने आखिरी वीडियो में विकास ने भावुक अपील की कि उसकी मौत के बाद उसके चार साल के बेटे को उसकी मां को नहीं, बल्कि उसके माता-पिता और बहन को सौंपा जाए. विकास ने यह भी बताया कि उसने कर्ज चुकाने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन पारिवारिक टूटन और पत्नी की बेरुखी ने उसे अंदर से तोड़ दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसकी पत्नी की तलाश की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के पूरे सच का पता लगाया जा सके.