Delhi E-Challan Rules : दिल्ली की सड़कों पर वाहन चलाने वालों के लिए आने वाले दिनों में ट्रैफिक नियमों को लेकर सतर्क रहना और जरूरी हो सकता है। दिल्ली पुलिस एक ऐसी व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है, जिसके तहत ट्रैफिक पुलिस के अलावा स्थानीय थानों और अलग-अलग यूनिट्स में तैनात पुलिसकर्मी भी नियम तोड़ने वाले वाहनों का ई-चालान कर सकेंगे। हालांकि, यह व्यवस्था दिल्ली सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही लागू होगी।
ट्रैफिक पुलिस की गैरमौजूदगी का नहीं मिलेगा फायदा
फिलहाल दिल्ली में ई-चालान जारी करने का अधिकार मुख्य रूप से ट्रैफिक पुलिस के पास है। इसका फायदा उठाकर कई जगह वाहन चालक स्थानीय पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद रेड लाइट जंप या दूसरे यातायात नियमों का उल्लंघन कर देते हैं। प्रस्तावित व्यवस्था का मकसद इसी कमी को दूर करना और सड़क पर नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
मोबाइल से फोटो खींचकर होगा चालान
नई व्यवस्था को मंजूरी मिलने के बाद गश्त कर रहा स्थानीय पुलिसकर्मी नियम तोड़ते वाहन की मोबाइल से तस्वीर ले सकेगा। इसके बाद फोटो को दिल्ली पुलिस के आधिकारिक ई-चालान सिस्टम में अपलोड किया जाएगा। वाहन के नंबर के आधार पर नियम उल्लंघन की जानकारी दर्ज होगी और चालान वाहन मालिक तक पहुंचाया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें : Aadhaar Card का कहीं हो रहा है गलत इस्तेमाल? एक सेटिंग से पकड़ें फर्जीवाड़ा, ऐसे करें चेक
किन गलतियों पर हो सकती है कार्रवाई
व्यवस्था लागू होने के बाद बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, रेड लाइट जंप, ओवरस्पीडिंग और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर स्थानीय पुलिस भी कार्रवाई कर सकेगी। यानी किसी सड़क या चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दे रहा है, तो इसका मतलब यह नहीं होगा कि नियम तोड़ने पर कार्रवाई नहीं होगी।
दिल्ली सरकार की मंजूरी के बाद बदलेगी व्यवस्था
दिल्ली पुलिस की ओर से तैयार प्रस्ताव को मंजूरी के लिए दिल्ली सरकार के पास भेजा गया है। सरकार की हरी झंडी मिलने के बाद इसे दिल्ली के थानों और विभिन्न पुलिस यूनिट्स में लागू करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य ट्रैफिक पुलिस पर काम का दबाव कम करने के साथ-साथ शहर में नियम तोड़ने वालों पर निगरानी बढ़ाना है। अगर प्रस्ताव लागू होता है, तो दिल्ली में वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना पहले से भी ज्यादा जरूरी हो जाएगा।