.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D9a0fc146-72c1-4ac7-97a0-480295eb14a5&w=3840&q=75)
Delhi Metro timings: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं के साथ-साथ मेट्रो सेवाओं में भी बदलाव किया गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने घोषणा की है कि 15 अगस्त को सभी मेट्रो लाइन पर सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू होंगी. यह व्यवस्था लाल किले पर होने वाले मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने वाले विशेष अतिथियों और आम जनता की सुविधा के लिए की गई है. सुबह 4 से 6 बजे के बीच ट्रेनें हर 30 मिनट पर चलेंगी, जबकि 6 बजे के बाद मेट्रो सामान्य समय सारणी के अनुसार संचालित होगी.
विशेष अतिथियों को मिलेगा मुफ्त सफर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेट्रो में कुछ यात्रियों को मुफ्त यात्रा का अवसर भी मिलेगा. जिन विशेष मेहमानों के पास रक्षा मंत्रालय का वैध निमंत्रण पत्र होगा, उन्हें डीएमआरसी की ओर से विशेष टिकट दिए जाएंगे. इन टिकटों के माध्यम से वे बिना किराया चुकाए मेट्रो यात्रा कर सकेंगे, जिसका खर्च रक्षा मंत्रालय वहन करेगा. लाल किले के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन—जामा मस्जिद और दिल्ली गेट—पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे, ताकि समारोह में आने-जाने वालों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो.
ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 15 अगस्त को लेकर एडवाइजरी जारी की है. इसके अनुसार, लाल किले के आसपास कई मार्गों पर केवल पास धारकों को ही प्रवेश मिलेगा और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे इंडिया गेट, तिलक मार्ग, नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग, मथुरा रोड, निजामुद्दीन खत्ता और सालमगढ़ बाईपास जैसे रास्तों से बचें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं. सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है, जिससे स्वतंत्रता दिवस समारोह सुचारू रूप से संपन्न हो सके.