Delhi-NCR air quality: दिल्ली-NCR में पिछले कई दिनों से प्रदूषण लगातार गंभीर स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन हवा की गुणवत्ता में हालिया सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP स्टेज-III को तुरंत प्रभाव से वापिस ले लिया है। सब-कमेटी की बैठक में IMD और IITM के पूर्वानुमान, साथ ही प्रदूषण स्तर में जारी गिरावट की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया गया। बुधवार को दिल्ली का AQI 327 दर्ज हुआ, जो पिछले चार दिनों से लगातार बेहतर हो रहा है। हालांकि स्टेज-I और स्टेज-II के नियम लागू रहेंगे और एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी हाल में AQI को Severe श्रेणी तक न जाने दें। वहीं जिन निर्माण साइटों पर पहले से रोक लगी हुई है, वे बिना अनुमति काम शुरू नहीं कर सकेंगी।
हवा में सुधार जारी, लेकिन खतरा बरकरार
दिल्ली पिछले 12 दिनों से खराब वायु गुणवत्ता से जूझ रही है। पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले पांच दिनों में AQI ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ के बीच रह सकता है। CPCB के आंकड़ों में रविवार को औसत AQI 391 रहा, जबकि बाकी दिनों में भी यह लगातार 350 से ऊपर बना हुआ था। पराली जलाने की घटनाओं में कमी जरूर आई है, लेकिन इसके बावजूद हवा में सुधार रुक-रुक कर ही हो रहा है। हालिया सैटेलाइट तस्वीरों में पंजाब में केवल तीन, हरियाणा में एक और उत्तर प्रदेश में 522 खेतों में आग के मामले दर्ज किए गए।
यह भी देखेंःPAN-Aadhaar fraud: PAN–Aadhaar फ्रॉड का खतरनाक जाल, मजदूर के नाम पर 35 करोड़ का घोटाला, ऐसे करें बचाव
पारा गिरा, ठंड ने बढ़ाई सर्दी की मार
दिल्ली में प्रदूषण के बीच मौसम ने भी करवट ले ली है। बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान गिरकर आठ डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। यह तापमान नवंबर के औसत से 3.3 डिग्री कम दर्ज किया गया। पिछले सालों के आंकड़ों के मुकाबले यह तापमान काफी नीचे है, जबकि 2022 में नवंबर का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रहा था। IMD के मुताबिक अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। प्रदूषित हवा और तेजी से बढ़ती ठंड का यह मेल राजधानी में लोगों के लिए चुनौती बना हुआ है।