दिल्ली-एनसीआर में रोजाना ट्रैफिक जाम से जूझने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब सड़क नहीं, बल्कि आसमान के रास्ते सफर करने की तैयारी हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में एयर टैक्सी सेवा शुरू करने का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार हो चुका है। इसके लागू होते ही ऑफिस जाने वालों का घंटों का सफर मिनटों में सिमट सकता है और रोज लगने वाले जाम से बड़ी निजात मिलने की उम्मीद है।
सबसे पहले किस रूट पर चलेगी एयर टैक्सी
इस प्लान के तहत सबसे पहले दिल्ली, गुरुग्राम और जेवर एयरपोर्ट को जोड़ा जाएगा। यानी जिन लोगों को रोज दिल्ली से गुरुग्राम या फिर जेवर एयरपोर्ट जाना पड़ता है, उन्हें सीधा फायदा मिलेगा। अभी कनॉट प्लेस से गुरुग्राम पहुंचने में जहां 1 से 1.5 घंटा लग जाता है, वहीं एयर टैक्सी से यह सफर सिर्फ 7 से 10 मिनट में पूरा हो सकता है।
कहां से आया एयर टैक्सी का प्लान
यह पूरा रोडमैप CII की नई रिपोर्ट में सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में भविष्य की शहरी यात्रा के लिए एयर टैक्सी एक बड़ा विकल्प बन सकती है। शुरुआती चरण में इसे सीमित रूट और तय समय पर चलाया जाएगा, ताकि तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था को परखा जा सके।
ये भी पढ़े : ₹34,560 या ₹37,440? 8वें वेतन आयोग में सैलरी का पूरा गणित, इस कैलकुलेशन से लग जाएगा अंदाजा
कैसी होगी ये एयर टैक्सी
एयर टैक्सी असल में छोटी इलेक्ट्रिक उड़ने वाली गाड़ियां होंगी। ये हेलिकॉप्टर की तरह सीधी ऊपर उड़ेंगी और सीधे तय जगह पर उतर जाएंगी। इन्हें इलेक्ट्रिक तकनीक से चलाया जाएगा, जिससे न तो शोर ज्यादा होगा और न ही प्रदूषण। रिपोर्ट के मुताबिक, अगर ट्रायल सफल रहा तो धीरे-धीरे आम लोगों के लिए इसे खोला जा सकता है।
क्यों आसान नहीं है ये रास्ता
हालांकि एयर टैक्सी का सपना जितना शानदार है, उतना आसान इसे लागू करना नहीं है। दिल्ली का आसमान पहले से ही विमानों और हेलिकॉप्टरों से भरा रहता है। ऐसे में एयर टैक्सी के लिए अलग नियम, सख्त सुरक्षा व्यवस्था और खास टेकऑफ व लैंडिंग स्पॉट बनाने होंगे। इसके लिए केंद्र सरकार और विमानन एजेंसियों की मंजूरी जरूरी होगी।
कब तक शुरू हो सकता है ट्रायल
रिपोर्ट के अनुसार 2026 से 2028 के बीच एयर टैक्सी का ट्रायल शुरू किया जा सकता है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला, तो आने वाले सालों में दिल्ली से गुरुग्राम जाना मेट्रो जितना आसान हो जाएगा। फर्क बस इतना होगा कि मेट्रो जमीन पर चलेगी और एयर टैक्सी आसमान में उड़ती नजर आएगी। दिल्ली-एनसीआर के लिए यह सफर की दुनिया में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।