दिल्ली-NCR में बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। भीषण गर्मी और नौतपा के बीच मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को बड़ी राहत महसूस हुई।
आंधी और बूंदाबांदी का असर
India Meteorological Department के मुताबिक दिल्ली के अलावा आसपास के इलाकों जैसे नूंह, मथुरा और भरतपुर में भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। कई जगहों पर धूल भरी आंधी भी देखने को मिली।
हीटवेव से मिलेगी राहत
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अब लू की तीव्रता कम होने लगेगी। हालांकि राजस्थान, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में फिलहाल गर्मी का असर बना रह सकता है, लेकिन अगले एक-दो दिनों में तापमान में गिरावट की उम्मीद जताई गई है।
ये भी पढ़ें : बच्चे के भविष्य के लिए शानदार योजना! NPS Vatsalya से लंबी अवधि में बन सकता है बड़ा फंड
चार दिन तक खराब रह सकता है मौसम
आईएमडी ने 28 से 31 मई के बीच उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कई शहरों में अब भी तपिश बरकरार
बीते 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में तापमान 46 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। श्रीगंगानगर 48.2°C के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि बांदा में 47.8°C तापमान दर्ज किया गया। रोहतक, नागपुर और खजुराहो जैसे शहरों में भी भीषण गर्मी बनी रही।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले तीन से चार दिनों में उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।