Kerala CM Vijayan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केरल दौरे के दौरान राजनीति से ऊपर उठकर विकास की तस्वीर देखने को मिली। तिरुवनंतपुरम में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंच से प्रधानमंत्री की खुलकर सराहना की और केंद्र सरकार के सहयोग को राज्य के लिए अहम बताया। विजयन ने कहा कि यह दिन केरल के विकास के लिए यादगार है।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
सीएम पिनराई विजयन ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को मंजूरी देकर केरल को बड़ी राहत दी है। उन्होंने CSIR-NIIST इनोवेशन हब, पूजप्पुरा हेड पोस्ट ऑफिस भवन और PM SVANIDHI योजना का जिक्र करते हुए कहा कि ये योजनाएं राज्य की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में मददगार साबित होंगी।
नई ट्रेन सेवाओं की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने केरल को चार नई ट्रेन सेवाओं की सौगात दी। इनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें और एक पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं। ये ट्रेन सेवाएं केरल को तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से बेहतर कनेक्टिविटी देंगी। मुख्यमंत्री ने इन ट्रेनों को आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी बताया।
यह भी देखेंःबसंत पंचमी पर बदला मौसम का मिजाज, उत्तर भारत में बारिश तो कश्मीर में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित
गरीब और युवाओं पर फोकस
कार्यक्रम के दौरान PM SVANIDHI योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड सौंपे गए और एक लाख लाभार्थियों को लोन प्रदान किए गए। इसके साथ ही CSIR-NIIST इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप हब की नींव रखी गई, जिससे स्टार्टअप और रिसर्च को बढ़ावा मिलेगा।
राजनीति से अलग दिखा विकास का संदेश
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजयन की प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ को सियासी गलियारों में अहम माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बयानों से यह संदेश गया कि विकास के मुद्दे पर केंद्र और राज्य मिलकर काम कर सकते हैं। कार्यक्रम में राज्यपाल, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।