दिल्ली में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। इसी बीच ग्रेटर कैलाश-2 से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पानी से लबालब सड़क पर एक शख्स रबड़ की नाव में बैठकर राफ्टिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में आसपास मौजूद लोग नाव को धक्का देकर आगे बढ़ाते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में क्या दिखा
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए करीब 12 सेकंड के वीडियो में एक शख्स रबड़ की बोट में आराम से लेटा हुआ है और उसके हाथ में चप्पू दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद चार लोग पानी में खड़े होकर नाव को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं। वीडियो रिकॉर्ड करने वाला शख्स मजाकिया अंदाज में कहता सुनाई देता है कि आज GK-2 में बोट निकल आई। भारी जलभराव के बीच लोगों का यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया।
पॉश इलाके पर उठे सवाल
वीडियो को श्री खंडेलवाल नाम के यूजर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने दावा किया कि यह नजारा दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके का है और यहां रहने वाले लोग भारी टैक्स देते हैं, फिर भी बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भर जाता है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने जलभराव को लेकर दिल्ली की व्यवस्था पर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने मजाक में ग्रेटर कैलाश को ‘गटर कैलाश’ तक कहना शुरू कर दिया।
बारिश ने तोड़ा पंद्रह साल रिकॉर्ड
दिल्ली में शुक्रवार को हुई बारिश ने पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिणी दिल्ली के पुष्प विहार में 111.5 मिलीमीटर और छतरपुर में 104.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आया नगर में 87.4 मिलीमीटर और पालम में 73.5 मिलीमीटर बारिश हुई। भारी बारिश के कारण राजधानी के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गईं।
इसे भी पढ़ें : सरकारी नौकरी वाले पति-पत्नी ध्यान दें, एक को मिला क्वार्टर तो दूसरे के HRA पर लगेगा ब्रेक
NCR तक पहुंचा बारिश का असर
दिल्ली के साथ-साथ आसपास के NCR इलाकों में भी भारी बारिश और जलभराव का असर देखने को मिला। कई प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा। दफ्तर से घर लौटने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हुई। इस बीच GK-2 का वायरल वीडियो बारिश के बाद राजधानी की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर बहस का नया कारण बन गया है।