उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में घने कोहरे और खराब मौसम का असर अब हवाई यातायात पर भी दिखने लगा है। बुधवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम रहने का अनुमान है। इसी वजह से कई फ्लाइट्स के लेट होने, डायवर्ट होने या रद्द होने की संभावना जताई गई है। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों को पहले से अलर्ट जारी कर दिया है।
एयर इंडिया ने जारी किया ट्रैवल अलर्ट
एयर इंडिया ने जानकारी दी है कि बुधवार सुबह दिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा रह सकता है। इसका असर कंपनी के पूरे नेटवर्क पर पड़ सकता है। एयर इंडिया का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और रुकावटों को कम करने के लिए पहले से कुछ इंतजाम किए गए हैं। अगर देरी या रद्दीकरण होता है तो ग्राउंड स्टाफ यात्रियों की मदद के लिए मौजूद रहेगा।
FogCare सुविधा से यात्रियों को राहत
एयर इंडिया ने अपनी FogCare सुविधा के बारे में भी बताया है। इसके तहत कोहरे से प्रभावित होने वाली फ्लाइट्स के यात्रियों को पहले से अलर्ट भेजा जाता है। यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी फ्लाइट रीशेड्यूल कर सकते हैं या कैंसिल कराकर पूरा रिफंड ले सकते हैं। एयरलाइन ने सलाह दी है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक करें।
ये भी पढ़ें : शेयर गिरते ही हिली अरबपतियों की रैंकिंग, Ambani को बड़ा झटका, Adani Top 20 से बाहर
इंडिगो ने कोलकाता को लेकर दी चेतावनी
इंडिगो ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों को आगाह किया है कि कोलकाता में विजिबिलिटी कम बनी हुई है। कई फ्लाइट्स बदले हुए समय पर ऑपरेट की जा रही हैं और कुछ में देरी हो सकती है। मौसम में जल्द सुधार के संकेत नहीं हैं, इसलिए कैंसिलेशन की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। यात्रियों को वेबसाइट पर जाकर फ्लाइट स्टेटस देखने और जरूरत पड़ने पर रीबुक या रिफंड का विकल्प चुनने की सलाह दी गई है।
स्पाइसजेट ने इन शहरों के लिए किया अलर्ट
स्पाइसजेट ने भी अपने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। कंपनी के अनुसार धर्मशाला और कोलकाता में खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण सभी डिपार्चर और अराइवल प्रभावित हो सकती हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे बार-बार अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें ताकि आखिरी समय में परेशानी से बचा जा सके।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
खराब मौसम के चलते हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह बेहद जरूरी है कि वे बिना अपडेट देखे एयरपोर्ट न पहुंचें। फ्लाइट स्टेटस ऑनलाइन चेक करें, एयरलाइन के मैसेज पर ध्यान दें और अतिरिक्त समय लेकर ही घर से निकलें। कोहरे का असर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है, ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।