उत्तर भारत में बढ़ते घने कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर भी साफ दिखने लगा है। दिल्ली, पटना समेत कई बड़े एयरपोर्ट्स पर विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका है, जिसके चलते टेक-ऑफ और लैंडिंग में देरी हो सकती है। यात्रियों की परेशानी बढ़ने से पहले एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। अगर आपकी भी आज फ्लाइट है तो बिना जानकारी लिए घर से निकलना जोखिम भरा हो सकता है।
स्पाइसजेट ने यात्रियों को किया सतर्क
घरेलू एयरलाइन स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों को पहले ही आगाह कर दिया है। एयरलाइन के मुताबिक खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दिल्ली, अमृतसर, जम्मू, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, दरभंगा, पटना और बागडोगरा एयरपोर्ट्स पर उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है। इन शहरों से आने-जाने वाली फ्लाइट्स में देरी या शेड्यूल में बदलाव संभव है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले और दौरान एयरलाइन की वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस लगातार चेक करते रहें।
ये भी पढ़ें : 8वें वेतन आयोग पर बड़ा सस्पेंस, 1 January से पैसा या इंतजार लंबा, आ गया बड़ा अपडेट !
दिल्ली एयरपोर्ट ने भी जारी किया अलर्ट
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने भी यात्रियों को कोहरे को लेकर चेताया है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार फिलहाल उड़ानों का संचालन CAT III कंडीशंस के तहत किया जा रहा है। इसका मतलब है कि बहुत कम या लगभग शून्य विजिबिलिटी में भी लैंडिंग संभव है, लेकिन इसमें समय ज्यादा लग सकता है। इसी वजह से उड़ानों में देरी और संचालन में बाधा आ सकती है। यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर लगातार काम कर रही हैं।
CAT सिस्टम क्या है और यात्रियों को क्या करना चाहिए
कम विजिबिलिटी में उड़ानों के लिए CAT सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है। CAT I में 550 मीटर या उससे ज्यादा विजिबिलिटी जरूरी होती है, CAT II में यह सीमा 300 से 549 मीटर तक होती है, जबकि CAT III में 300 मीटर से भी कम विजिबिलिटी में ऑटोलैंड सिस्टम के जरिए लैंडिंग कराई जाती है। यात्रियों के लिए सबसे जरूरी सलाह यही है कि एयरपोर्ट समय से पहले पहुंचें, फ्लाइट स्टेटस बार-बार चेक करें और एयरलाइन की एडवाइजरी को गंभीरता से लें। आज थोड़ी सी लापरवाही आपका सफर लंबा और तनावपूर्ण बना सकती है।