CBI takes major action: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के एयरवर्दीनेस डायरेक्टरेट के डिप्टी डायरेक्टर जनरल और एक निजी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। एजेंसी के अनुसार, यह मामला ड्रोन आयात से जुड़ी मंजूरी दिलाने के बदले रिश्वत लेने से संबंधित है।
मांगी गई रिश्वत
जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने एक निजी एयरोस्पेस कंपनी के लंबित आवेदनों को मंजूरी देने और आवश्यक आदेश जारी करने के बदले अनुचित लाभ की मांग की थी। आरोप है कि इसके लिए 2.5 लाख रुपये की रिश्वत तय की गई थी, जिसे लेते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
सीबीआई ने इस मामले में भरत माथुर और मुदावथ देवुला को गिरफ्तार किया है। भरत माथुर एक एयरोस्पेस कंपनी से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी बताए जा रहे हैं, जबकि मुदावथ देवुला DGCA मुख्यालय में तैनात थे। दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
यह भी देखेंःSmart Meter Consumers: उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत: जीरो बैलेंस पर भी नहीं कटेगी बिजली
कई ठिकानों पर छापेमारी
कार्रवाई के दौरान सीबीआई ने नई दिल्ली में चार अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एजेंसी को 37 लाख रुपये की नकदी, सोने और चांदी के सिक्के तथा कई डिजिटल उपकरण बरामद हुए हैं। जब्त सामग्री की जांच की जा रही है।
जांच जारी
सीबीआई का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित भ्रष्टाचार में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं तथा कितने समय से यह गतिविधि चल रही थी।