टी20 वर्ल्ड कप और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर महेंद्र सिंह धोनी का बयान आते ही क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है। आमतौर पर कम बोलने वाले माही ने इस बार सीधे और साफ शब्दों में टीम इंडिया को लेकर अपनी सोच रखी। उन्होंने कहा कि चयन में उम्र नहीं, सिर्फ फिटनेस और प्रदर्शन देखना चाहिए। धोनी की यह बात ऐसे वक्त आई है, जब रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनके बयान ने फैंस के साथ-साथ सेलेक्टर्स को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।
उम्र नहीं, प्रदर्शन होना चाहिए पैमाना
धोनी ने साफ कहा कि किसी खिलाड़ी को सिर्फ इसलिए बाहर करना गलत है, क्योंकि उसकी उम्र 35 या 38 हो गई है। अगर खिलाड़ी फिट है और रन बना रहा है, तो उसका मैदान पर होना पूरी तरह जायज है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर 22 साल का खिलाड़ी फिट नहीं है या प्रदर्शन नहीं कर रहा, तो उसे भी टीम में जगह नहीं मिलनी चाहिए। माही के मुताबिक इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ एक ही पैमाना होना चाहिए और वह है फिटनेस के साथ लगातार अच्छा प्रदर्शन।
रोहित-कोहली पर दिल से कही बात
धोनी ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर कहा कि ऐसे बड़े खिलाड़ी खुद तय करते हैं कि उन्हें कब तक देश के लिए खेलना है। यह फैसला किसी सेलेक्टर या आलोचक का नहीं होना चाहिए। उनके इस बयान से उन चर्चाओं पर भी विराम लग गया, जिनमें कहा जा रहा था कि 2027 वर्ल्ड कप से पहले अनुभव को नजरअंदाज किया जा सकता है। माही का मानना है कि अनुभव और क्लास कभी पुरानी नहीं होती, बल्कि मुश्किल समय में वही टीम को संभालती है।
युवा जोश और अनुभव का बैलेंस जरूरी
धोनी ने टीम संतुलन पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों का जोश जरूरी है, लेकिन अनुभव के बिना टीम अधूरी रहती है। सही बैलेंस ही किसी भी टीम को चैंपियन बनाता है। उनका यह बयान उन बहसों से जुड़ गया, जहां कहा जा रहा था कि टीम इंडिया पूरी तरह युवाओं के भरोसे जा सकती है। माही ने साफ कर दिया कि जीत के लिए जोश और अनुभव दोनों का साथ होना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Yamaha New Launch: यमाहा ने भारतीय बाजार में लॉन्च किया अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर,जानें रेंज, फीचर्स और कीमत
टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा अलर्ट
टी20 वर्ल्ड कप पर बात करते हुए धोनी ने एक अहम खतरे ओस की ओर इशारा किया. उन्होंने कहा कि अपने करियर में उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी ओस से हुई है, क्योंकि ओस आते ही टॉस और गेंदबाजी दोनों बेबस हो जाते हैं। अगर ओस नहीं पड़ी, तो भारत ज्यादातर मुकाबले जीत सकता है। लेकिन टी20 में एक खराब दिन और विरोधी का अच्छा दिन पूरे टूर्नामेंट का खेल बिगाड़ सकता है।
मौजूदा टीम को बताया बेहद खतरनाक
धोनी ने मौजूदा टीम इंडिया की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन जैसे बल्लेबाज मैच का रुख पलट सकते हैं। रिंकू सिंह और शिवम दुबे जैसे फिनिशर टीम को मजबूती देते हैं। वहीं बुमराह, अर्शदीप, कुलदीप और अक्षर के रहते गेंदबाजी भी मजबूत है। माही के मुताबिक, इस टीम को हराना आसान नहीं है, लेकिन सही फैसले और हालात का साथ ही ट्रॉफी दिला सकता है।