फिल्ममेकर आदित्य धर की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है। साल 2025 में रिलीज हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में 1100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और यह साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है। एक्शन और देशभक्ति के तगड़े मिश्रण ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा। भारत के साथ-साथ कई विदेशी बाजारों में फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और ट्रेड एनालिस्ट्स के अनुमान से कहीं आगे निकल गई।
बैन की वजह से लगा बड़ा झटका
इतनी बड़ी कमाई के बावजूद धुरंधर को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। दरअसल, फिल्म को मिडिल ईस्ट के कई देशों में रिलीज की इजाजत नहीं मिली। पाकिस्तान के साथ-साथ बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई जैसे बड़े बाजारों में फिल्म बैन रही। ये वो देश हैं जहां भारतीय एक्शन फिल्मों की जबरदस्त डिमांड रहती है। इसी वजह से फिल्म की कमाई पर सीधा असर पड़ा और करोड़ों रुपये का संभावित कारोबार हाथ से निकल गया।
डिस्ट्रिब्यूटर ने बताई नुकसान की रकम
CNN न्यूज 18 से बातचीत में धुरंधर के डिस्ट्रिब्यूटर प्रणब कपाड़िया ने साफ कहा कि बैन की वजह से करीब 90 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस नुकसान हुआ है। उनके मुताबिक, मिडिल ईस्ट में एक्शन फिल्में परंपरागत रूप से अच्छा प्रदर्शन करती हैं। इसलिए उम्मीद थी कि धुरंधर वहां से भी बड़ी कमाई करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हर देश के अपने नियम और नजरिया होते हैं, जिनका सम्मान करना जरूरी है। यह पहली फिल्म नहीं है जिसे वहां बैन का सामना करना पड़ा हो, इससे पहले भी फाइटर जैसी फिल्में रिलीज नहीं हो पाई थीं।
इसे भी पढ़ें : T20 World Cup से टेस्ट इज्जत तक, 2026 में Team India का सबसे कठिन शेड्यूल, हर महीने बड़ी परीक्षा
छुट्टियों ने संभाला कारोबार
प्रणब कपाड़िया के अनुसार, दिसंबर की छुट्टियों ने फिल्म को बड़ा सहारा दिया। यह वह समय होता है जब बड़ी संख्या में लोग विदेश यात्रा करते हैं, खासकर मिडिल ईस्ट से यूरोप और अमेरिका की ओर। धुरंधर पीक हॉलिडे सीजन में रिलीज हुई, जिसका फायदा मिला। जो दर्शक गल्फ देशों में फिल्म नहीं देख पाए, उन्होंने अन्य देशों में जाकर इसे देखा। इसी वजह से मिडिल ईस्ट में रिलीज न होने के बावजूद फिल्म ने अपनी ऑडियंस खोज ली और वर्ल्डवाइड कलेक्शन को मजबूत बनाए रखा।