Crime News: महाराष्ट्र के नागपुर में एक मामूली विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया. महिला मित्र का मोबाइल नंबर न देने पर हुए झगड़े में 28 वर्षीय युवक प्रणय नन्नावरे की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसका दोस्त गौरव कारडा गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना गुरुवार देर रात शहर के प्रसिद्ध दाबो पब में शुरू हुई. प्रणय अपने दोस्तों और मुंबई से आई महिला मित्र नादिया के साथ पार्टी कर रहा था. इसी दौरान पास की टेबल पर बैठे कुछ युवकों ने महिला से मोबाइल नंबर मांगा, जिसका प्रणय और गौरव ने विरोध किया. उस समय विवाद शांत हो गया, लेकिन आरोपियों ने बदला लेने की ठान ली.
पार्टी खत्म होने के बाद तड़के करीब सवा चार बजे जब प्रणय और गौरव पब से बाहर निकले और प्राइड होटल के पास पहुंचे, तभी आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया. लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से किए गए हमले में प्रणय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरव गंभीर हालत में सड़क पर गिर पड़ा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रणय को मृत घोषित कर दिया. गौरव का इलाज आईसीयू में जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
यह भी देखेंःDelhi blasts: पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में थे आतंकी, घोस्ट सिम और ड्यूल फोन से रची साजिश
घटना के बाद सोनेगांव पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चश्मदीदों से पूछताछ की. इसके आधार पर पुलिस ने सात आरोपियों—सौम्य देशमुख, रोहित शेंबेकर, मेहुल रहाटे, राजू चावला, रोहित यादव, अनुज यादव और तुषार नानकानी—को गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपी 23 से 27 वर्ष की उम्र के बताए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि सिर्फ महिला मित्र का नंबर न देने पर उपजे गुस्से ने इस वारदात को जन्म दिया. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है.