Dimple Yadav met Sonam Wangchuk: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव गुरुवार को जंतर-मंतर पहुंचीं और वहां 19वें दिन से भूख हड़ताल पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करते हुए युवाओं से 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक प्रस्तावित मार्च में शामिल होने की अपील की। डिंपल यादव ने कहा कि यह युवाओं के अधिकार और सम्मान की लड़ाई है और समाजवादी पार्टी छात्रों तथा युवाओं के मुद्दों के साथ खड़ी है।
20 जुलाई के मार्च में शामिल होने की अपील
डिंपल यादव ने कहा कि सोनम वांगचुक ने संकेत दिया है कि वे 20 जुलाई को अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से बड़ी संख्या में मार्च में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के युवाओं की आवाज का प्रतीक है।
संसद में उठेंगे पेपर लीक और वांगचुक के मुद्दे
सपा सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी संसद में पेपर लीक के मामलों और सोनम वांगचुक के आंदोलन से जुड़े मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा छात्रों के हितों के लिए आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी।
जौहर यूनिवर्सिटी मामले में सरकार पर हमला
जंतर-मंतर से ही डिंपल यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी के अवैध निर्माणों पर हो रही कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बुलडोजर कार्रवाई चुनिंदा मामलों में करती है, जबकि अन्य मामलों में सख्ती नहीं दिखाती।
यह भी देखेंःवकील पर हमले के मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, FIR में हत्या की कोशिश की धारा जोड़ने के निर्देश
पहले फोन पर कर चुके हैं समर्थन
डिंपल यादव की मुलाकात से पहले समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी सोनम वांगचुक से फोन पर बातचीत कर चुके हैं। अखिलेश ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की थी और कहा था कि उनके सत्याग्रह को समाजवादी पार्टी का खुला समर्थन है। उन्होंने यह भी कहा था कि देश को उनके नैतिक बल और नेतृत्व की आवश्यकता है।
20 जुलाई पर टिकी नजरें
अब सबकी नजर 20 जुलाई को होने वाले मार्च और सोनम वांगचुक के अगले फैसले पर है। यदि वे उस दिन अनशन समाप्त करते हैं, तो आंदोलन का अगला चरण संसद तक मार्च और युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के रूप में सामने आ सकता है।