Phone Charging Tips: आज के समय में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बना चुका है। फोन के बिना एक मिनट भी रहना मुश्किल लगता है। लोग फोन को सुरक्षित रखने के लिए उस पर महंगे से महंगे कवर लगाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस कवर से आप अपने फोन की हिफाजत कर रहे हैं, वहीं आपके फोन की बैटरी और प्रोसेसर को धीरे-धीरे खराब कर रहा है। अक्सर लोग रात को सोते वक्त या दिन में Phone Charging पर लगाते वक्त उसका Cover उतारना जरूरी नहीं समझते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। आपकी जरा सी लापरवाही हजारों रुपये के फोन को पल भर में कबाड़ बना सकती है।
क्या चार्जिंग के वक्त लगाना चाहिए कवर?
जब भी आप अपने फोन को चार्जिंग पर लगाते हैं, तो बैटरी के अंदर इलेक्ट्रोकेमिकल रिएक्शन होते हैं, जिससे प्राकृतिक रूप से गर्मी पैदा होती है। आज के दौरा में आने वाले फास्ट चार्जर से फोन वैसे ही जल्दी गर्म होते हैं। जब फोन पर मोटा कवर लगा होता है, तो वह इंसुलेटर की तरह काम करता है। यह कवर बैटरी के अंदर पैदा होने वाली गर्मी को बाहर निकलने से रोक लेता है। हीट फोन के अंदर ही पैक होकर रह जाती है। जिससे बैटरी का तापमान खतरनाक स्तर तक बढ़ जाता है। इस ओवरहीटिंग का असर फोन के प्रोसेसर, मदरबोर्ड और बैटरी लाइफ पर सीधा पड़ता है।
घट जाती है बैटरी लाइफ
लिथियम आयन बैटरी को चार्ज होने के लिए एक निश्चित तापमान की जरूरत होती है। लगातार गर्म माहौल में चार्ज होने से बैटरी के अंदरूनी हिस्से कमजोर होने लगते हैं, जिससे बैटरी का बैकअप तेजी से गिरने लगता है।
बैटरी फूलने का रहता है खतरा
ओवरहीटिंग ज्यादा बढ़ने पर बैटरी के फूलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। बैटरी फूलने से फोन का डिस्प्ले या बैक पैनल बाहर की तरफ उठ सकता है। इसके अलावा अत्यधिक गर्मी और तापमान बढ़ने से शॉर्ट सर्किट या अन्य खतरनाक घटनाएं होने की संभावना भी बढ़ जाती है।
यह भी पढ़ें: घर को स्मार्ट बनाना हुआ आसान! Apple ने भारत में लॉन्च किया HomeView, जानें कीमत और फीचर्स
इन बातों का रखें ध्यान
जब भी फोन चार्जिंग पर लगाएं, तो हमेशा उसका कवर उतार दें। यह आपके फोन की लंबी उम्र के लिए बहुत जरूरी है। इसके अलावा चार्जिंग करते वक्त फोन पर भारी गेम खेलने या ऑनलाइन वीडियो देखने से बचें। क्योंकि इससे प्रोसेसर पर एक्स्ट्रा लोड पड़ता है और फोन अधिक गर्म होता है। इसके अलावा हमेशा कंपनी का ओरिजिनल और सर्टिफाइड चार्जर ही इस्तेमाल करें।