
Disha Patni house firing: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने दो नाबालिग शूटरों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 11 और 12 सितंबर को हुई थी, जब लगातार दो दिनों तक दिशा के घर के बाहर गोलियां चलाई गईं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कुल चार शूटर शामिल थे। इनमें से दो शूटर एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं, जबकि दो नाबालिग अब पुलिस हिरासत में हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इन दोनों को ब्लैक स्प्लेंडर बाइक और हथियार के साथ पकड़ा।
विदेश से रची गई थी साजिश
जांच में सामने आया है कि इस हमले की पूरी योजना विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा ने तैयार की थी। 11 सितंबर की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें शूटरों को गोलियां चलाते देखा जा सकता है। फुटेज के मुताबिक, जैसे ही गोलियां चलीं, इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
यह भी देखेंःबाजार में अचानक गिरावट, लेकिन अडानी शेयरों ने दिखाई दमदार तेजी
सोशल मीडिया से हुई थी भर्ती
पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि नाबालिग शूटरों की भर्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए की गई थी। बताया जा रहा है कि रोहित गोदारा गैंग ने इन युवकों से ऑनलाइन संपर्क किया और धीरे-धीरे उनका ब्रेनवॉश कर गैंग में शामिल कर लिया। इसके बाद इन्हें दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग करने का टास्क सौंपा गया। फिलहाल दोनों नाबालिगों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।