Diwali Chhath Special Trains 2026 : दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने राहत भरी घोषणा की है। त्योहारों के नजदीक आते ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। कन्फर्म टिकट मिलना भी मुश्किल हो रहा है। इसी समस्या को देखते हुए रेलवे ने तीन जोड़ी नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन ट्रेनों से दिल्ली से बिहार, पूर्वांचल और मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
दिल्ली से छपरा तक सीधी ट्रेन
पहली स्पेशल ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल और छपरा के बीच चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 04058 आनंद विहार से 3 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक मंगलवार और शुक्रवार को कुल पांच फेरे लगाएगी। यह ट्रेन रात 12:20 बजे रवाना होकर टुंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, सारनाथ, औड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया और सुरेमनपुर होते हुए शाम 7:20 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04057 छपरा से रात 10:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 5:20 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। इस ट्रेन से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा।
मऊ से आनंद विहार का शेड्यूल
दूसरी विशेष ट्रेन मऊ और आनंद विहार टर्मिनल के बीच संचालित होगी। गाड़ी संख्या 05087 मऊ से 3 और 10 नवंबर को चलेगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 05088 आनंद विहार से 4 और 11 नवंबर को रवाना होगी। मऊ से यह ट्रेन रात 10:30 बजे प्रस्थान करेगी। रास्ते में मुहम्मदाबाद, आजमगढ़, खोरासन रोड, शाहगंज, जौनपुर, जंघई, प्रयागराज, गोविंदपुरी, टुंडला और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन शाम 5 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन आनंद विहार से शाम 7:15 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 2 बजे मऊ पहुंचेगी।
ये भी पढ़ें : G20 की बैठक में एक तस्वीर ने मचाया हंगामा, Lavrov के आते ही बदल गया अमेरिका का फैसला
गोरखपुर से मुंबई तक विशेष सेवा
तीसरी स्पेशल ट्रेन गोरखपुर और बांद्रा टर्मिनस के बीच चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 05091 गोरखपुर से 9 और 16 नवंबर को रात 9:55 बजे रवाना होगी। यह बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, आगरा, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत और बोरीवली होते हुए बुधवार दोपहर 12 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05092 बांद्रा से 11 और 18 नवंबर को दोपहर 1:45 बजे रवाना होगी और गुरुवार रात 11:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इससे मुंबई और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
टिकट से पहले जरूर जांचें जानकारी
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा शेड्यूल और परिचालन स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) और रेलवे हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है। त्योहारों के दौरान विशेष ट्रेनों में भीड़ और टिकटों की मांग अधिक रहने की संभावना है। इसलिए यात्रियों को अपनी यात्रा की तारीख और उपलब्ध सीटों की जानकारी लेकर ही टिकट बुक करना चाहिए।