Diwali-Chhath Special Trains : दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वालों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी तैयारी की है। नियमित ट्रेनों में टिकटों की भारी मांग और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने 43 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के 1053 से ज्यादा फेरे चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग रूटों पर संचालित होंगी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकें।
13 रेलवे जोन में चलेगी विशेष सेवा
रेलवे के अनुसार देश के 13 अलग-अलग रेलवे जोन इस विशेष अभियान में शामिल होंगे। इन ट्रेनों का संचालन उन रूटों पर किया जाएगा जहां त्योहारों के दौरान सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिलती है। नई दिल्ली, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, कोलकाता, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन, ग्वालियर, झांसी, आगरा और पलवल जैसे प्रमुख स्टेशन इस नेटवर्क का हिस्सा होंगे।
यूपी के यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा
उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए सबसे ज्यादा ट्रेनें चलाई जा रही हैं। कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली के बीच ट्रेन संख्या 02455 और 02456 चार दिन प्रति सप्ताह चलेगी। प्रयागराज से शकूरबस्ती, हजरत निजामुद्दीन और दादरी के लिए भी कई स्पेशल ट्रेनें शुरू की गई हैं। आगरा कैंट से पलवल के बीच रोजाना विशेष ट्रेन सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
ये भी पढ़ें : 30 सितंबर के बाद बंद होगा पिंक टिकट, महिलाओं को फ्री बस सफर के लिए बनवाना होगा नया स्मार्ट कार्ड
मुंबई, गुजरात, बंगाल और दक्षिण भारत के लिए भी विकल्प
मुंबई, गुजरात और पश्चिम भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए प्रयागराज, सूबेदारगंज और झांसी से बांद्रा टर्मिनस, दादर, उधना, साबरमती और वेरावल तक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। वहीं कानपुर से कोलकाता, झांसी से आसनसोल और आगरा से कोलकाता के लिए भी विशेष सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए मदुरै, कन्याकुमारी, यशवंतपुर, बेंगलुरु और हुबली तक भी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
जरूरत पड़ने पर बढ़ सकती हैं और ट्रेनें
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की मांग और वेटिंग लिस्ट पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि किसी रूट पर अतिरिक्त दबाव देखने को मिला तो और स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं। त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल, टिकट जांच कर्मी और सफाई कर्मचारियों की भी तैनाती की जाएगी।
टिकट नहीं मिला तो तुरंत देखें स्पेशल ट्रेनों की सूची
अगर आपकी नियमित ट्रेन में टिकट वेटिंग या रिग्रेट दिखा रहा है तो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें बेहतर विकल्प बन सकती हैं। खासकर यूपी, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को रेलवे की नई सूची जरूर जांचनी चाहिए। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट बुकिंग से पहले ट्रेन का नवीनतम शेड्यूल और उपलब्धता जरूर देख लें, ताकि त्योहार पर घर पहुंचने की योजना प्रभावित न हो।