Diwali Flight Fares : दिवाली में अभी करीब दो महीने का समय बाकी है, लेकिन उत्तर प्रदेश के बरेली से हवाई सफर करने वालों की चिंता अभी से बढ़ने लगी है। त्योहार के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती मांग का असर फ्लाइट टिकटों पर दिखने लगा है। बरेली से नवी मुंबई और बेंगलुरु जाने वाली उड़ानों के किराये में सामान्य दिनों की तुलना में दो गुने से ज्यादा का अंतर सामने आया है।
नवी मुंबई की फ्लाइट हुई महंगी
इंडिगो की वेबसाइट पर उपलब्ध किराये के मुताबिक, सामान्य दिनों में नवी मुंबई से बरेली की फ्लाइट का किराया करीब 6,061 रुपये है। वहीं 6 नवंबर यानी दिवाली के आसपास इसी रूट का किराया बढ़कर 17,243 रुपये तक पहुंच गया। वापसी में 11 नवंबर को बरेली से नवी मुंबई जाने वाली फ्लाइट का किराया 13,863 रुपये तक बताया गया है। यानी त्योहार के आसपास इसी सफर के लिए यात्रियों को काफी अधिक रकम खर्च करनी पड़ सकती है।
बेंगलुरु रूट पर भी बड़ा उछाल
बरेली और बेंगलुरु के बीच हवाई सफर भी दिवाली के आसपास महंगा हो गया है। 13 सितंबर को बेंगलुरु से बरेली की फ्लाइट का किराया करीब 9,620 रुपये बताया गया। वहीं 5 और 7 नवंबर के लिए यही किराया बढ़कर 20,960 रुपये तक पहुंच गया। बरेली से बेंगलुरु की वापसी उड़ान के लिए 10 नवंबर का किराया भी 16,895 रुपये तक पहुंच चुका है। इससे साफ है कि त्योहार के आसपास इस रूट पर मांग काफी बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें : 2029 से पहले 21 राज्यों में UCC लागू होगा? जानें पूरे देश में क्यों नहीं
40 प्रतिशत बुकिंग पर बदलता किराया
त्योहार नजदीक आने के साथ हवाई टिकट और महंगे होने की संभावना जताई जा रही है। बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने लगती है और लोग पहले से टिकट बुक कर रहे हैं। उनके मुताबिक करीब 40 प्रतिशत से अधिक सीटें बुक होने के बाद किराये में तेजी आना शुरू हो जाता है। ऐसे में आगे बुकिंग बढ़ने पर टिकट की कीमत और बढ़ सकती है।
दिल्ली-नोएडा रूट पर फिलहाल राहत
बरेली से दिल्ली और नोएडा के लिए हवाई किराये में अभी कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है। हालांकि, इन मार्गों पर भी सीटों की बुकिंग बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में किराये में बढ़ोतरी हो सकती है। दिवाली पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों की घोषणा भी शुरू हो गई है। ऐसे में त्योहार पर घर जाने वालों के लिए ट्रेन और फ्लाइट, दोनों के किराये पर नजर रखना जरूरी हो गया है।