Brain Tumor Symptoms: सिरदर्द एक ऐसी आम समस्या है जिससे हम सभी कभी न कभी जूझते हैं। ज्यादातर लोग इसे काम का तनाव, नींद की कमी, पानी कम पीना या थकान मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। थोड़ा आराम, पर्याप्त पानी और जरूरत पड़ने पर दवा लेने से यह ठीक भी हो जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर सिर दर्द इतना साधारण नहीं होता है। अगर सिरदर्द बार-बार हो रहा है और उसके साथ कुछ अन्य बदलाव दिख रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
बीमारी का पता लगने में देरी हो जाती
अक्सर लोगों को लगता है कि ब्रेन ट्यूमर का मतलब असहनीय सिर दर्द होता है। लेकिन एक्सपर्ट्स की मानें तो यह एक बड़ा भ्रम है। कई बार शुरुआती लक्षण इतने सामान्य होते हैं कि लोग उन्हें तनाव, बढ़ती उम्र या काम के दबाव का असर समझ लेते हैं। यही वजह है कि बीमारी का पता लगने में देरी हो जाती है। ब्रेन ट्यूमर के लक्षण उसके आकार, स्थान और बढ़ने की गति पर निर्भर करते हैं।
क्या सिर दर्द से होती है ब्रेन ट्यूमर की शुरुआत
डॉ. उज्ज्वल येओले ने बताया कि कई मरीजों में इसकी शुरुआत सिरदर्द से नहीं, बल्कि व्यवहार में बदलाव या याददाश्त कमजोर होने से होती है। ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होती है या व्यवहार में बदलाव दिखाई देता है। कुछ लोगों को बोलने में कठिनाई होने लगती है, जबकि कुछ की नजर धुंधली होने लगती है। चूंकि दिमाग का हर हिस्सा अलग-अलग कार्यों को कंट्रोल करता है, इसलिए ट्यूमर का असर भी उसी के अनुसार दिखाई देता है।
यह भी पढ़ें: Foot Warning Signs: क्या आपके पैर भी रहते हैं ठंडे? हो सकता है इन बीमारियों का संकेत; पैर काटने तक की आ सकती है नौबत!
ब्रेन ट्यूमर के लक्षण
कई बार ब्रेन ट्यूमर के शुरुआती लक्षण इतने सामान्य होते हैं कि मरीज खुद उन्हें समझ नहीं पाता, लेकिन परिवार के लोग इन बदलावों को पकड़ सकते हैं। अचानक बहुत ज्यादा चिड़चिड़ापन होना, बात करने का तरीका बदलना या लोगों से दूरी बना लेना, बार-बार चीजें भूलना या किसी काम में ध्यान न लगा पाना। इसके अलावा धुंधला दिखना या एक की जगह दो चीजें दिखाई देना, चलते समय लड़खड़ाना या हाथ-पैरों में कमजोरी महसूस होना, अपनी बात कहने के लिए सही शब्द ढूंढने में परेशानी होना या दौरे पड़ना। इन लक्षणों को भूलकर भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
डॉक्टर के पास कब जाना है जरूरी?
डॉ. येओले के मुताबिक, हर सिरदर्द चिंता की बात नहीं है, लेकिन अगर आपका सिरदर्द लगातार बढ़ रहा हो और पहले से बिल्कुल अलग महसूस हो रहा है या फिर दर्द इतना तेज हो रहा है कि वह आपको नींद से जगा दे। इसके अलावा अगर आपको सिरदर्द के साथ उल्टी होना, चक्कर आना, भ्रम होना या कमजोरी महसूस हो रहा है, तो आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।