Sleeping Saliva Reasons: सुबह उठते ही तकिए पर लार के निशान देखकर कई लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर सोते समय मुंह से लार क्यों निकलती है। वैसे तो सोते समय मुंह से लार निकलना हमेशा खतरनाक नहीं होता है, लेकिन अगर यह लगातार हो या इसके साथ ही कुछ अन्य लक्षण भी दिखें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। तो आइए जानते हैं मुंह से लार निकलने की क्या वजह होती है और डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए।
सोते समय क्यों बहती है लार
नाक बंद होना और एलर्जी- सर्दी-जुकाम, साइनस या एलर्जी के कारण जब नाक बंद हो जाती है, तो व्यक्ति मजबूरन मुंह से सांस लेने लगता है। मुंह खुला रहने के कारण लार आसानी से बाहर निकलकर तकिए पर आ जाती है।
लार का अधिक बनना- कुछ लोगों के मुंह में सामान्य से ज्यादा लार बनती है या उन्हें निगलने में दिक्कत होती है। दांतों की कोई समस्या या कुछ खास दवाओं का साइड इफेक्ट भी इसकी वजह बन सकता है।
स्लीप एपनिया- अगर लार गिरने के साथ-साथ तेज खर्राटे आते हैं, रात में बार-बार नींद खुलती है या सुबह उठने पर थकान महसूस होती है, तो यह स्लीप एपनिया का संकेत हो सकता है। इसमें सोते समय सांस बार-बार रुकती है।
यह भी पढ़ें: क्या आपको भी बार-बार आ रही खांसी? कहीं आप भी तो नहीं बन गए जहरीले प्रदूषण का शिकार; तुरंत पहचानें ये लक्षण
डॉक्टर के पास कब जाएं
कभी-कभार ऐसा होना सामान्य है, लेकिन अगर यह समस्या लगातार बनी रहे या फिर लार के साथ-साथ निगलने में परेशानी या बार-बार खांसी आए, तो डॉक्टर से संपर्क करें। वहीं, अगर अचानक चेहरे का एक हिस्सा लटकने लगे, बोलने में परेशानी हो या शरीर के एक तरफ कमजोरी आए, तो तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें।