Side Effects Of Nail Polish: आजकल खूबसूरत, लंबे और स्टाइलिश नाखूनों का ट्रेंड काफी तेजी से बढ़ रहा है। सोशल मीडिया पर सेलिब्रिटीज और इंफ्लुएंसर्स हर हफ्ते नए नेल आर्ट और नेल पॉलिश लुक्स दिखाते नजर आते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके नाखूनों को चमकाने वाली यह नेल पॉलिश आपकी सेहत के लिए खतरनाक भी साबित हो सकती है? एक रिपोर्ट के मुताबिक, ग्लोबल नेल सैलून मार्केट की वैल्यू 2023 में करीब 11.96 बिलियन डॉलर थी, जिसके 2030 तक 20.30 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।
क्या नेल पॉलिश से होता है कैंसर
हाल के दिनों में यह चर्चा तेजी से बढ़ी है कि नेल पॉलिश में मौजूद कुछ केमिकल्स कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं। गुरुग्राम की सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. वर्तिका विशवानी के अनुसार, पारंपरिक नेल पॉलिश में फॉर्मल्डिहाइड, टोल्यून और डीबीपी जैसे कई तरह के हानिकारक केमिकल्स पाए जाते हैं। हैरान वाली बात यह है कि विश्व स्वास्थ्य संगठनने फॉर्मल्डिहाइड को कैंसर पैदा करने वाले पदार्थों की लिस्ट में शामिल किया है।
किसे होता है सबसे ज्यादा खतरा?
डॉक्टरों का कहना है कि जो लोग कभी-कभार नेल पॉलिश लगाते हैं, उन्हें कैंसर का खतरा काफी कम होता है। लेकिन जो लोग रोजाना इन केमिकल्स के संपर्क में रहते हैं, उन्हें खतरा ज्यादा होता है। जैसे नेल सैलून में काम करने वाले कर्मचारी लगातार इन केमिकल्स की गंध और धुएं के बीच रहते हैं। ऐसे में उनमें नाक और गले से जुड़े कैंसर का जोखिम काफी हद तक बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें: Health Tips: नौतपा का कहर: बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा खतरा, जानें बचाव के जरूरी उपाय
यूवी लाइट्स भी बढ़ा रही हैं चिंता
एक्सपर्ट के मुताबिक सिर्फ नेल पॉलिश ही नहीं बल्कि नेल आर्ट के दौरान उसे जल्दी सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली यूवी लैंप लाइट्स भी खतरनाक हो सकती हैं। साल 2023 की एक स्टडी में दावा किया गया था कि ये यूवी लैंप्स स्किन के डीएनए को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे स्किन कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, यह रिसर्च अभी लैब स्तर पर है और इंसानों पर इसके सटीक असर को लेकर अध्ययन जारी हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप नेल पॉलिश का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो आपको सावधानी बरतनी जरूरी है। इसके लिए फ्री लेबल वाली ऐसी नेल पॉलिश चुनने की सलाह दी जाती है जिनमें खतरनाक केमिकल्स कम हों। साथ ही नेल पॉलिश खरीदने से पहले उसके पीछे लिखे इंग्रीडिएंट्स को पढ़ें। फॉर्मल्डिहाइड, टोल्यून, कैम्फर और डीबीपी जैसे तत्वों से युक्त नेल पॉलिश से बचें। अगर यूवी लैंप का इस्तेमाल किया जा रहा है, तो हाथों पर सनस्क्रीन लगाकर यूज करें।