देशभर में 6 जून 2026 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के रेट पुराने स्तर पर ही बनाए रखे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को फिलहाल महंगे सिलेंडर का अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। हालांकि इससे पहले 1 जून को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 42 से 54 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी।
इन शहरों में क्या है घरेलू सिलेंडर का रेट
नई दिल्ली में 14.2 किलो का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये है। बेंगलुरु में 915.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये, गुरुग्राम में 921.50 रुपये और नोएडा में 910.50 रुपये का रेट लागू है। वहीं चंडीगढ़ में 922.50 रुपये, जयपुर में 916.50 रुपये और हैदराबाद में 965 रुपये प्रति सिलेंडर कीमत बनी हुई है।
कॉमर्शियल सिलेंडर पहले ही हो चुका महंगा
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की बात करें तो नई दिल्ली में इसकी कीमत 3113.50 रुपये है। मुंबई में 3067.50 रुपये, चेन्नई में 3283 रुपये और हैदराबाद में 3367 रुपये तक पहुंच चुकी है। मार्च 2026 से अब तक कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में पांच बार बदलाव किया जा चुका है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ी है।
ये भी पढ़ें : Trump Tariff और वैश्विक तनाव के बीच भी मजबूत रही भारतीय अर्थव्यवस्था, FY26 में GDP ग्रोथ 7.7%
भंडारण बढ़ाने पर सरकार का जोर
सरकार ने सरकारी तेल कंपनियों को एलपीजी भंडारण क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। लक्ष्य है कि देश में कम से कम 30 दिनों की एलपीजी जरूरत के बराबर भंडारण उपलब्ध रहे। पेट्रोलियम मंत्रालय का मानना है कि रणनीतिक भंडारण बढ़ाने से किसी भी वैश्विक संकट की स्थिति में आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।
बुकिंग और वितरण नियम सख्त
एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए नियमों को पहले से अधिक सख्त किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की बुकिंग 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के अंतराल पर ही की जा सकती है। साथ ही अधिकांश उपभोक्ताओं का केवाईसी पूरा कराया जा चुका है और अब ओटीपी सत्यापन के बिना सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जा रही है। इससे वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल राहत बरकरार
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए अच्छी बात यह है कि जून की शुरुआत में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर रखे गए हैं। हालांकि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और आयात लागत में बदलाव के चलते आने वाले महीनों में कीमतों पर नजर बनी रहेगी।