Donkey Route network: डंकी रूट के जरिए अवैध रूप से विदेश भेजने के नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को जालंधर जोन की ईडी टीम ने पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में एक साथ 13 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान जांच एजेंसी को डंकी रूट के संगठित नेटवर्क से जुड़े कई अहम दस्तावेज, डिजिटल सबूत और लेन-देन के रिकॉर्ड हाथ लगे हैं। ईडी का कहना है कि इन सबूतों से यह साफ हो रहा है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से सुनियोजित तरीके से चलाया जा रहा था और इसमें कई बड़े खिलाड़ी शामिल हैं।
करोड़ों की नकदी और कीमती धातु बरामद
छापेमारी के दौरान दिल्ली के एक ट्रैवल एजेंट के ठिकाने से भारी मात्रा में संपत्ति जब्त की गई। यहां से 4.62 करोड़ रुपये नकद, करीब 313 किलोग्राम चांदी और 6 किलोग्राम सोने के बिस्किट बरामद हुए हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 19.13 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, डंकी रूट से जुड़े लोगों के बीच हुई चैट, लेन-देन से संबंधित कागजात और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है। हरियाणा में भी एक बड़े आरोपी के ठिकाने से इस अवैध धंधे से जुड़े कई अहम रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं।
यह भी देखेंःEmbroiled in controversy: भगवान राम पर बयान से फिर घिरे मदन मित्रा, विवादों से रहा है पुराना नाता
मैक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजने का खेल
ईडी की जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लोगों को मैक्सिको के रास्ते अवैध रूप से अमेरिका भेजता था। इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी और कई मामलों में पैसों की गारंटी के तौर पर जमीन-जायदाद के दस्तावेज अपने पास रख लिए जाते थे। छापेमारी के दौरान कई मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। ईडी ने साफ किया है कि इस नेटवर्क में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच अभी आगे जारी है।