Sanchar Sathi: भारत सरकार के दूरसंचार विभाग ने डिजिटल सुरक्षा को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन्स (DoT) ने भारत में बेचे जाने वाले या बाहर से मंगाए जाने वाले हर नए मोबाइल फोन में 'संचार साथी ऐप' को पहले से इंस्टॉल करना अनिवार्य कर दिया है। इस ऐप को फोन से हटाया नहीं जा सकेगा। इसके लिए मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को आदेश जारी कर दिया गया है। बता दें, सरकार का ये नियम Apple, Samsung, Xiaomi, Oppo और Vivo जैसी सभी बड़ी कंपनियों के स्मार्टफोन्स पर लागू किया जाएगा।
पुराने फोन में कैसे इंस्ट्रॉल होगा ऐप
आपको बता दें कि DoT ने निर्देश दिया कि अगले 90 दिनों के भीतर सभी नई डिवाइसों में संचार साथी ऐप पहले से इंस्टॉल होना चाहिए। वहीं जो डिवाइस पहले से तैयार किए जा चुके हैं और भारत में सेल के लिए मौजूद हैं, उनके लिए मैन्युफैक्चरर और इंपोर्टर को सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए मोबाइल फोन्स में ऐप इंस्ट्रॉल करवाना होगा। DoT ने निर्देश दिया है कि स्मार्टफोन सेटअप के समय ये ऐप दिखाई देना चाहिए। इस ऐप को मोबाइल से हटाया नहीं जा सकता है और न ही अनइंस्टॉल किया जा सकता है।
क्या है संचार साथी ऐप
आपको बता दें कि संचार ऐप को मई 2023 में शुरू किया गया था। 'संचार साथी ऐप' पोर्टल आपके खोए हुए मोबाइल फोन की शिकायत दर्ज करने और उन्हें ब्लॉक कराने की सुविधा देता है। इसके साथ ही यह संदिग्ध या खतरनाक वेब लिंक की रिपोर्ट करने, आपके नाम पर कितने मोबाइल कनेक्शन चल रहे हैं ये जांचने और बैंकों व फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन्स के ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट नंबर चेक करने में भी मदद करता है।
कैसे करेगा काम
संचार साथी ऐप के जरिए लोग चोरी हुए फोन या गुम हुए फोन की तुरंत रिपोर्ट कर सकेंगे। इसके बाद उस फोन का IMEI नंबर ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। ऐसा करने से अगर कोई शख्स उस फोन पर अन्य सिम लगाता है तो टेलिकॉम कंपनी को तुरंत पता चल जाएगा कि इस सिम वाले फोन का IMEI नंबर ब्लैकलिस्टेड है। ऐसे में चोरी हुआ या गुम हुआ फोन आसानी से खोजा जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: Realme New Launch: लॉन्च से पहले Realme P4x 5G की कीमत आई सामने, जानें किस प्राइस में मिल रहा कौन सा वेरिएंट
इतने लोगों ने किया रजिस्टर
बता दें संचार साथी ऐप पर अब तक 1.14 करोड़ से ज्यादा यूजर्स रजिस्टर कर चुके हैं। Google Play Store पर इसे 1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया गया है, जबकि Apple Store से इसके 9.5 लाख से ज्यादा डाउनलोड हो चुके हैं। इस ऐप को भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा तैयार किया गया है। यह ऐप साइबर सुरक्षा और मोबाइल सुरक्षा प्लेटफॉर्म है।