Double Attack Of Cold: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है. कहीं बारिश, कहीं घना कोहरा और कहीं शीतलहर ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं, बल्कि कई इलाकों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है. उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी राज्यों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.
कोहरा और शीतलहर का असर
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले सात दिनों तक उत्तर भारत और उससे सटे मध्य भारत में सुबह और रात के समय घना कोहरा बना रहेगा. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना जताई गई है. पश्चिमी राजस्थान में 9 जनवरी तक और पूर्वी राजस्थान में 10 जनवरी तक ठंड का असर जारी रह सकता है. वहीं झारखंड में भी 6 और 7 जनवरी को शीतलहर चलने का अनुमान है. उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
यह भी देखेंःAmit Shah attacks Tamil Nadu: तमिलनाडु में अमित शाह का हमला, DMK को बताया सबसे भ्रष्ट सरकार
तापमान में गिरावट
दक्षिण भारत में भी मौसम करवट ले रहा है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 जनवरी तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है और न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. समुद्र में मौसम खराब रहने की आशंका के चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. राजधानी दिल्ली में भी ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है, जहां कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है.