MPSC Paper Leak: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर (ग्रुप बी) के पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। 22 मार्च को हुई स्क्रीनिंग परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोपों के बाद आयोग ने यह बड़ा फैसला लिया है। अब इस भर्ती के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। बता दें, जुलाई में कुछ अभ्यर्थियों और जन प्रतिनिधियों ने आयोग से शिकायत की थी कि परीक्षा से पहले ही कुछ उम्मीदवारों को प्रश्न पत्र मिल गया था। वहीं अब परीक्षा को लेकर जांच के बाद इसे रद्द कर दिया गया है और परीक्षा दोबारा करने का ऐलान किया गया है।
पुलिस से कराई गई थी जांच
आपको बता दें कि एमपीएससी ने 27 जुलाई को मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच रिपोर्ट में सामने आया कि एक उम्मीदवार को परीक्षा से पहले प्रश्नों का सेट मिला था, जिससे उसे फायदा पहुंचा। हालांकि एमपीएससी ने यह नहीं कहा है कि पूरा प्रश्न पत्र लीक हुआ था। आयोग ने कहा कि भर्ती की पारदर्शिता, निष्पक्षता और उम्मीदवारों का भरोसा बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया रद्द करने का फैसला लिया गया है।
दोबारा आयोजित होगी परीक्षा
एमपीएससी जल्द ही ड्रग इंस्पेक्टर पद के लिए नई स्क्रीनिंग परीक्षा की तारीख का ऐलान करेगा। जिन उम्मीदवारों ने पहले आवेदन किया था, उन्हें फिर से फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। अभ्यर्थियों से दोबारा परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। दोबारा होने वाली परीक्षा की तारीख आयोग की ओर से बाद में जारी की जाएगी, यानी फिलहाल उम्मीदवारों को नई तारीख के ऐलान का इंतजार करना होगा।
यह भी पढ़ें: NEET PG 2026 Admit Card: नीट पीजी 2026 परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, ऐसे करें डाउनलोड
इंटरव्यू तक पहुंच चुकी थी प्रक्रिया
आपको बता दें कि यह भर्ती प्रक्रिया अपने अंतिम चरण इंटरव्यू में पहुंच चुकी थी। ड्रग इंस्पेक्टर पदों के लिए भर्ती का नोटिफिकेशन 29 जुलाई 2025 को जारी किया गया। इसके बाद 22 मार्च को 6 केंद्रों पर ऑफलाइन परीक्षा आयोजित हुई थी। वहीं 12 जून 2026 परीक्षा का रिजल्ट आया था, जिसमें 506 लोग इंटरव्यू के लिए चुने गए थे। 1 से 22 जुलाई 2026 तक 488 उम्मीदवारों का इंटरव्यू हुआ और 485 उम्मीदवारों का प्रोविजनल सिलेक्शन भी कर लिया गया था।