Ducati New Launch: भारत में Ducati की ओर से कई सेगमेंट में सुपर बाइक्स को बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया जाता है। निर्माता की ओर से Ducati Desmo 450 mx को भारत में लॉन्च कर दिया गया है। यह बाइक खास तौर पर ऑफ-रोडिंग और रेसिंग के शौकीनों के लिए तैयार की गई है। तो आइए जानते हैं कि इस बाइक में क्या-क्या खासियत दी गई है और इसे कितनी कीमत पर लॉन्च किया गया है।
कितनी है कीमत
आपको बता दें कि कंपनी ने इस बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 17.23 लाख रुपये तय की है। डुकाटी इंडिया के मुताबिक, बाइक की बुकिंग शुरू कर दी गई है। ग्राहकों को इसी महीने के अंत तक इसकी डिलीवरी मिलनी शुरू हो जाएगी। यह मोटरसाइकिल केवल 4 चुनिंदा डुकाटी डीलरशिप पर उपलब्ध होगी, जिनमें डुकाटी नई दिल्ली, डुकाटी वीएफएम बेंगलुरु, डुकाटी चेन्नई और डुकाटी पुणे शामिल हैं।
दमदार इंजन
इस बाइक में 449.6cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 63.5 hp की पावर और 53.5 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इसमें पांच गियर दिए गए हैं। इसमें कंपनी की खास 'डेस्मोड्रोमिक' तकनीक का इस्तेमाल हुआ है। आसान शब्दों में कहें तो ये तकनीक बाइक को कम और तेज दोनों ही स्पीड में शानदार पिकअप (टॉर्क) और पावर देती है।
यह भी पढ़ें: Helmet Cleaning Tips: चमक उठेगा आपका हेलमेट! बस अपनाएं ये साधारण घरेलू नुस्खे
क्या है खासियत
डुकाटी की ओर से इस मोटरसाइकिल में राइडिंग मोड, डीटीसी, ईबीसी, फॉल डिटेक्शन, पावर लॉन्च, क्विक शिफ्ट अप, लिथियम आयन बैटरी, एडजस्टेबल हैंडल बार, दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक, सिंगल सीट को दिया गया है।
कंपनी ने क्या कहा
डुकाटी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर बिपुल चंद्रा ने कहा कि भारत में ऑफ-रोड और डर्ट बाइकिंग का क्रेज काफी तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए कंपनी इस सेगमेंट में अपनी धाक जमाने के लिए यह बाइक लेकर आई है। हमें विश्वास है कि यह बाइक न केवल मोटरसाइकिल चालकों की एक नई पीढ़ी को आकर्षित करेगी, बल्कि भारत में डुकाटी समुदाय को मोटोक्रॉस एडवेंचर के नए क्षेत्रों में भी विस्तारित करेगी।