Government Wheat Procurement in MP: मोहन यादव ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए गेहूं उपार्जन की अंतिम तारीख बढ़ाने का ऐलान किया है। जिन किसानों ने 23 मई तक स्लॉट बुक कर लिया है, उनसे अब सरकार 28 मई तक गेहूं खरीदेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान हित में लगातार फैसले ले रही है और किसी भी किसान को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
स्लॉट बुक कराने वाले किसानों को मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कई किसानों ने शिकायत की थी कि स्लॉट बुक होने के बावजूद खरीदी केंद्रों पर लंबी कतारों के कारण वे समय पर गेहूं नहीं बेच पा रहे हैं। इसे देखते हुए सरकार ने फैसला लिया है कि जिन किसानों के स्लॉट पहले से बुक हैं, उनका गेहूं 28 मई तक खरीदा जाएगा।
इस साल टूट सकता है रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश इस साल गेहूं खरीदी में नया रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। पिछले वर्ष जहां लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था, वहीं इस बार 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य में करीब 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो चुकी है।
यह भी देखेंःNEET paper leak accused: NEET पेपर लीक आरोपी पर बड़ा वार, पुणे में RCC क्लासेस पर चला बुलडोजर
सरकार ने गिनाईं चुनौतियां
मोहन यादव ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बीच गेहूं भंडारण, बारदाना व्यवस्था, ट्रांसपोर्टेशन और मौसम जैसी कई चुनौतियां सामने हैं। इसके बावजूद सरकार ने भंडारण क्षमता बढ़ाई और खरीदी प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किसानों को मिलेगा 2625 रुपये प्रति क्विंटल भाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खरीदी केंद्रों पर किसानों को 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का भुगतान करेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी तरह की चिंता न करें, सरकार उनकी फसल खरीदने के लिए पूरी व्यवस्था कर रही है। राज्य सरकार का दावा है कि इस फैसले से बड़ी संख्या में किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।