DUSU Election Result 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ यानी डूसू चुनाव 2026 के नतीजे सामने आ गए हैं। चुनाव में ABVP ने चार में से तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास विजयी रहे, जबकि सचिव पद पर रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद पर ABVP के उम्मीदवार ने जीत हासिल की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस चुनाव में ABVP और NSUI के बीच कई पदों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
अध्यक्ष पद पर यश डबास की जीत
अध्यक्ष पद के लिए ABVP के यश डबास और NSUI के विजय शंकर मीणा के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा। मतगणना के कई राउंड में दोनों उम्मीदवारों के बीच बढ़त बदलती रही। शुरुआती चरणों में ABVP उम्मीदवार आगे रहे, जबकि बाद के राउंड में NSUI ने भी बढ़त बनाई। अंतिम नतीजे में यश डबास ने अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।
सचिव पद पर भी ABVP का कब्जा
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने जीत दर्ज की। मतगणना के दौरान वह लगातार बढ़त बनाए हुए थीं और NSUI की नम्रता चौधरी को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने यह पद अपने नाम किया। चुनाव के दौरान सचिव पद पर भी दोनों छात्र संगठनों के बीच मुकाबला देखने को मिला था।
यह भी देखेंःDUSU में पलटा खेल, 17वें राउंड के बाद बदल गई पूरी तस्वीर, जानिए कौन किस पोजिशन पर ?
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत
उपाध्यक्ष पद का नतीजा इस चुनाव में सबसे अलग रहा। निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने ABVP और NSUI के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। मतगणना के दौरान वह लगातार बड़ी बढ़त बनाए हुए थे। शुरुआती राउंड से ही दीपांशु शौकीन उपाध्यक्ष पद की दौड़ में आगे दिखाई दे रहे थे।
40.46 प्रतिशत हुआ था मतदान
डूसू चुनाव में इस बार 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव में ABVP और NSUI के बीच मुख्य मुकाबला रहा, जबकि AISA-SFI गठबंधन और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। मतगणना के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।