ED takes major action: झारखंड और पश्चिम बंगाल में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। दोनों राज्यों में कुल 42 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में कैश, ज्वेलरी और जमीन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए। रांची स्थित ईडी टीम ने झारखंड के 18 ठिकानों पर छापेमारी की, जो कोयला चोरी और तस्करी से जुड़े मामलों से संबंधित हैं। जिन केसों पर सर्च की गई, उनमें अनिल गोयल, संजय उद्योग, एल.बी. सिंह और अमर मंडल से जुड़े मामले प्रमुख हैं। इन मामलों में बड़े पैमाने पर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है।
कई माफिया रडार पर
पश्चिम बंगाल में ईडी की दूसरी टीम ने दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता में 24 स्थानों पर सर्च एक्शन चलाया। यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन, गैर-कानूनी ढुलाई और अवैध भंडारण की जांच से जुड़ी हुई है। जिन लोगों के ठिकानों पर छापे पड़े, उनमें नरेंद्र खड़का, अनिल गोयल, युधिष्ठिर घोष और कृष्ण मुरारी कायल शामिल हैं। बंगाल में अब तक 8 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश और सोना बरामद किया गया है, जिसे ईडी ने जब्त कर लिया है।
यह भी देखेंःMohan Bhagwats Message: मणिपुर में मोहन भागवत का संदेश, भारत की पहचान हिंदू विरासत से
झारखंड से 2.2 करोड़ और 120 जमीन दस्तावेज जब्त
झारखंड में की गई कार्रवाई में ईडी को 2.2 करोड़ रुपये से अधिक नकदी और करीब 120 जमीन से जुड़े कागजात मिले हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि कोयला माफिया के इस नेटवर्क पर यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। ईडी के अनुसार, आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े नामों का खुलासा हो सकता है, क्योंकि कई संदिग्ध कारोबारियों और उनके फंडिंग नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।