ED takes major action: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके मैनेजिंग डायरेक्टर किशन मोदी की करीब 20.59 करोड़ रुपये की 11 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
मिलावटी डेयरी प्रोडक्ट्स का खुलासा
ईडी की जांच में सामने आया कि कंपनी मिल्क मैजिक ब्रांड के नाम से डेयरी प्रोडक्ट्स बेच रही थी, लेकिन इनमें भारी मिलावट की जा रही थी। दूध में असली फैट की जगह पाम ऑयल और अन्य हानिकारक केमिकल्स मिलाए जा रहे थे। हैरानी की बात यह है कि ये मिलावटी उत्पाद विदेशों में भी निर्यात किए जा रहे थे।
फर्जी रिपोर्ट के सहारे निर्यात
जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी ने निर्यात की मंजूरी पाने के लिए नामी लैब्स की फर्जी टेस्ट रिपोर्ट तैयार की और उन्हें Export Inspection Agency (EIA), इंदौर में जमा किया। बाद में जब इन रिपोर्ट्स की जांच की गई तो संबंधित लैब्स ने इन्हें पूरी तरह फर्जी बताया।
यह भी देखेंः2026 Monsoon Session: वन नेशन वन इलेक्शन पर रिपोर्ट में देरी, अब 2026 के मानसून सत्र में पेश करेगी समिति
20 करोड़ से ज्यादा की अवैध कमाई
ईडी के अनुसार, इन फर्जी दस्तावेजों के जरिए कंपनी ने मिलावटी प्रोडक्ट्स बेचकर करीब 20.59 करोड़ रुपये की कमाई की। यह रकम बैंक खातों में जमा की गई, जिसे प्रोसीड्स ऑफ क्राइम यानी अवैध आय माना गया है।
एमडी किशन मोदी गिरफ्तार
इस मामले में ईडी ने 13 मार्च 2026 को कंपनी के एमडी किशन मोदी को गिरफ्तार किया था। बाद में कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। फिलहाल एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क और संभावित विदेशी कनेक्शन की जांच में जुटी हुई हैं। इस कार्रवाई से साफ है कि खाद्य सुरक्षा और आर्थिक अपराधों को लेकर एजेंसियां अब सख्त रुख अपना रही हैं, और आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।