Food Price Inflation : रसोई के बजट पर महंगाई का दबाव लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। पहले चीनी और प्याज के दाम में तेजी आई और अब अंडे की कीमतों ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले एक साल में देशभर में अंडों के दाम करीब 40% तक बढ़ने की बात सामने आई है। कई शहरों के खुदरा बाजार में एक अंडा 9 से 10 रुपये तक बिक रहा है। ऐसे में रोजमर्रा की खाने-पीने की चीजों पर बढ़ता खर्च घरेलू बजट को प्रभावित कर रहा है।
अंडे के भाव में आया बड़ा अंतर
NECC के 5 सितंबर 2026 के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में एक अंडे का भाव करीब 6 रुपये और कोलकाता में 6.02 रुपये है। हालांकि, खुदरा बाजार में ग्राहकों को इससे ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। 4 सितंबर के आंकड़ों में अंडे का थोक और NECC सुझाया गया भाव 4.90 रुपये प्रति पीस था। 30 अंडों की ट्रे 147 रुपये और 210 अंडों की पेटी 1,029 रुपये बताई गई थी।
पोल्ट्री फीड ने बढ़ाई लागत
अंडों की कीमत बढ़ने के पीछे पोल्ट्री फीड की महंगी होती लागत बड़ी वजह मानी जा रही है। उत्पादन लागत में फीड की हिस्सेदारी करीब 65 से 70% तक होती है। मक्का महंगा होने से भी इसका सीधा असर पोल्ट्री कारोबार पर पड़ा है। कुछ बाजारों में मक्का करीब 22 रुपये से बढ़कर 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। उद्योग आंकड़ों के मुताबिक इसकी कीमत करीब 26,500 रुपये प्रति टन बताई गई है।
ये भी पढ़ें : 2 मिनट में बनेगा बच्चों का नीला Aadhaar Card, इन कागजात से होगा काम
दिसंबर तक महंगे हो सकते अंडे
आगे भी अंडों की कीमतों पर दबाव बने रहने की आशंका जताई जा रही है। Abhi Eggs के मुताबिक, दिसंबर तक इनपुट कॉस्ट में 15 से 20% तक और बढ़ोतरी हो सकती है। कंपनी का कहना है कि फीड फॉर्मूला में सस्ते विकल्पों का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। LocalCircles के सर्वे में 67 हजार से ज्यादा परिवारों में से 62% ने पिछले छह महीनों में अंडों की कीमत 10 से 50% या उससे ज्यादा बढ़ने की बात कही।
चीनी-प्याज ने भी बढ़ाया खर्च
अंडों के साथ चीनी और प्याज की कीमतों ने भी घरेलू बजट बिगाड़ा है। चीनी का खुदरा भाव जुलाई में करीब 48 रुपये किलो था, जो अब कई प्रमुख शहरों में 60 रुपये से ऊपर पहुंच गया है। चेन्नई में यह 61 रुपये तक बताया गया है। वहीं प्याज का अखिल भारतीय औसत खुदरा भाव अगस्त के 35.47 रुपये से बढ़कर सितंबर की शुरुआत में 50.50 रुपये किलो हो गया। यानी करीब एक महीने में 42% की तेजी आई है। कुछ बाजारों में प्याज 70 से 82 रुपये किलो तक बिक रहा है।