.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Ddf572911-8d10-4410-bb04-6878ab5ea90c&w=3840&q=75)
Election symbol of Tej Pratap: लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ का चुनाव चिह्न घोषित कर दिया है। तेज प्रताप को कुछ माह पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से निष्कासित कर दिया गया था। अब उन्होंने अपने आधिकारिक X अकाउंट से पार्टी का पोस्टर साझा करते हुए बताया कि ‘जनशक्ति जनता दल’ का चुनाव चिह्न ब्लैक बोर्ड होगा। पोस्टर में तेज प्रताप ने लिखा कि वे बिहार के समग्र विकास और नई व्यवस्था के निर्माण के लिए पूरी तरह समर्पित हैं और लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।
पोस्टर में दिखे 5 बड़े चेहरे
तेज प्रताप यादव ने पार्टी का जो पोस्टर जारी किया है, उसमें महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर की तस्वीरें शामिल की गई हैं। खास बात यह है कि इस पोस्टर में उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद यादव की तस्वीर नहीं लगाई। पोस्टर पर लिखा गया है– “जनशक्ति जनता दल, सामाजिक न्याय–सामाजिक हक–संपूर्ण बदलाव। जन-जन की शक्ति, जन-जन का राज– बिहार का विकास करेंगे तेज प्रताप।” साथ ही पार्टी से जुड़ने के लिए मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है।
महुआ से चुनाव लड़ने का ऐलान
तेज प्रताप यादव ने साफ किया है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव महुआ सीट से लड़ेंगे। 2015 में भी वे इसी सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने थे और महुआ को अपनी राजनीतिक कर्मभूमि बताते हैं। तेज प्रताप का कहना है कि अगर महुआ से कोई दूसरा उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा, तो जनता उसे हरा देगी। गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया था। यही वजह है कि अब तेज प्रताप अपनी अलग राजनीतिक राह पर निकल पड़े हैं और नए संगठन के जरिए अपना आधार बनाने की कोशिश कर रहे हैं।