
PM Modi arrives in Banswara: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 का उद्घाटन करने के बाद राजस्थान के बांसवाड़ा का दौरा किया। ट्रेड शो का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक किया जा रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और तकनीकी क्षमताओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां से निकलने के बाद पीएम मोदी बांसवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 1,22,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया।
2.5 करोड़ घरों तक पहुंचाई मुफ्त बिजली
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 से पहले देश के 2.5 करोड़ घर बिजली से वंचित थे और 18 हजार गांवों में बिजली के खंभे तक नहीं लगे थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने हर गांव तक बिजली पहुंचाने का काम किया और करोड़ों परिवारों को मुफ्त कनेक्शन उपलब्ध कराया। पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ बिजली ही नहीं, बल्कि गांव-गांव तक विकास की नई रोशनी है।
यह भी देखेंःHoliday In October: अक्टूबर में छुट्टियों की बौछार, लगातार 5 दिन तक बंद रहेंगे स्कूल, जानें पूरी लिस्ट
वंदे भारत समेत तीन ट्रेनों का हुआ शुभारंभ
पीएम मोदी ने बांसवाड़ा से वंदे भारत और अन्य दो ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें जोधपुर से दिल्ली कैंट के बीच वंदे भारत, बीकानेर से दिल्ली कैंट तक वंदे भारत और उदयपुर से चंडीगढ़ तक चलने वाली 22 डिब्बों की LHP ट्रेन शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से राजस्थान और उत्तर भारत के यात्रियों को तेज और आधुनिक यात्रा की सुविधा मिलेगी।