दुनिया के सबसे अमीर शख्स Elon Musk को अदालत से बड़ी जीत मिली है। Delaware Supreme Court ने उस पुराने फैसले को पलट दिया है, जिसके तहत मस्क को Tesla द्वारा दिए गए 2018 के वेतन पैकेज से वंचित कर दिया गया था। यह पैकेज कंपनी के शानदार प्रदर्शन से जुड़ा था और मस्क को प्रोत्साहन के तौर पर दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि निचली अदालत के फैसले में कई कानूनी खामियां थीं।
55 अरब डॉलर से 139 अरब की कहानी
2018 में टेस्ला ने मस्क के लिए एक ऐसा पे पैकेज मंजूर किया था, जो कंपनी के मार्केट वैल्यू और प्रदर्शन से जुड़ा था। हालांकि कुछ शेयरधारकों को यह पैकेज बहुत ज्यादा लगा और उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। 2024 में एक डेलावेयर कोर्ट ने इस पैकेज को रद्द कर दिया था। उस वक्त मस्क को बड़ा झटका लगा था। आज के समय में उसी पैकेज की वैल्यू करीब 139 अरब डॉलर मानी जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने अब मस्क के लिए रास्ता साफ कर दिया है।
ये भी पढ़ें : America में दवाएं होंगी सस्ती, Trump ने खेला बड़ा दांव, भारत के जेनेरिक कारोबार पर पड़ेगा क्या असर?
डेलावेयर छोड़ने तक पहुंचा मामला
इस फैसले से नाराज होकर एलन मस्क ने डेलावेयर छोड़ने और टेस्ला को टेक्सस में दोबारा रजिस्टर करने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने खुले तौर पर कहा था कि डेलावेयर की कानूनी व्यवस्था कंपनियों के लिए अब अनुकूल नहीं रही। सुप्रीम कोर्ट के 49 पन्नों के फैसले में कहा गया कि 2018 का वेतन पैकेज पूरी तरह से शेयरहोल्डर्स की मंजूरी से पास हुआ था और इसे रद्द करना गलत था। यह फैसला कॉरपोरेट गवर्नेंस के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है।
नेटवर्थ और भविष्य की बड़ी तैयारी
एलन मस्क की मौजूदा नेटवर्थ करीब 642 अरब डॉलर बताई जा रही है और इस साल ही उनकी संपत्ति में लगभग 210 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। टेस्ला इस साल मस्क के लिए एक नया वेतन पैकेज तैयार कर रही है, जिसकी संभावित वैल्यू 1 ट्रिलियन डॉलर तक बताई जा रही है। वहीं मस्क की दूसरी कंपनी SpaceX अगले साल दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ लाने की तैयारी में है, जिसकी वैल्यूएशन भी 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलिनेयर बनने के बेहद करीब पहुंच जाएंगे।