EPFO अपने करोड़ों सदस्यों के लिए बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन अब फाइनल PF सेटलमेंट प्रक्रिया को भी ऑटोमेटेड बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसका मतलब यह होगा कि नौकरी छोड़ने के बाद कर्मचारियों को अपने PF का पैसा पाने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
अब तेजी से खाते में आएगा PF
फिलहाल EPFO केवल एडवांस या आंशिक निकासी वाले दावों का ऑटोमेटेड निपटान करता है, जिसकी समय सीमा लगभग तीन दिन है। लेकिन नए बदलाव के बाद फाइनल PF सेटलमेंट भी तेज और आसान हो जाएगा। इससे करोड़ों कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
EPFO कमिश्नर ने क्या कहा
रमेश कृष्णमूर्ति ने बताया कि संगठन पूरी कोशिश कर रहा है कि अधिक से अधिक सेवाएं ऑटोमैटिक की जा सकें। उन्होंने कहा कि अब नौकरी बदलने पर PF ट्रांसफर भी बिना किसी फॉर्म के अपने आप हो सकेगा। यानी कर्मचारियों को अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ये भी पढ़ें : Russia के तेल पर भारत की बड़ी चिंता, अमेरिका से की ये बड़ी मांग, एक क्लिक में जानिए
नए लेबर कोड के तहत होंगे बदलाव
EPFO के मुताबिक नए कानूनी ढांचे के तहत Employees' Pension Scheme, EPF स्कीम और कर्मचारी बीमा योजनाओं को भी नए सिरे से नोटिफाई किया जाएगा। हाल ही में सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज द्वारा मंजूर किए गए कई सुधारों को भी इन नई व्यवस्थाओं में शामिल किया जाएगा।
ATM और UPI से भी निकलेगा PF
हाल ही में यह जानकारी भी सामने आई थी कि EPFO जल्द ATM और UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू कर सकता है। बताया जा रहा है कि यह सुविधा EPFO 3.0 अपग्रेड का हिस्सा होगी। इसके तहत मेंबर्स को विशेष ATM कार्ड भी दिए जा सकते हैं, ताकि वे बिना ऑफिस गए सीधे पैसा निकाल सकें।
सरकार ने क्या कहा
वंदना गुरनानी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारियों के साथ किसी तरह का अन्याय न हो। उनका कहना है कि उद्योग जगत को इन सुधारों को सिर्फ नियमों के पालन के रूप में नहीं, बल्कि बेहतर और सुरक्षित कार्य वातावरण की दिशा में कदम के तौर पर देखना चाहिए।